Ghaziabad News:हाईकोर्ट से खारिज हो चुकी अपील को दोबारा खोलने की मांग भी अदालत ने ठुकराई – The Court Also Rejected The Request To Reopen An Appeal That Had Already Been Dismissed By The High Court
गाजियाबाद। घरेलू हिंसा से जुड़े मामले में अपीलीय आदेश को दोबारा खोलने की मांग करने वाले कपिल देव पुंडीर को अदालत से राहत नहीं मिली। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की त्वरित अदालत संख्या-2 ने उनकी रिकॉल याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने कहा कि जिस आदेश की वैधता की जांच इलाहाबाद हाईकोर्ट पहले ही कर चुका है, उसे उन्हीं आधारों पर दोबारा रिकॉल नहीं किया जा सकता। इसके साथ ही 20 जुलाई 2024 को फौजदारी अपील में पारित आदेश यथावत रखने का निर्णय दिया गया।
जानकारी के अनुसार, कपिल देव पुंडीर ने घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम के तहत पारित 14 फरवरी 2022 के आदेश को चुनौती देते हुए फौजदारी अपील दाखिल की थी। हालांकि, विलंब क्षमा प्रार्थना-पत्र खारिज होने के कारण 20 जुलाई 2024 को उनकी अपील भी निरस्त कर दी गई थी। इसके बाद पुंडीर ने अदालत के आदेश को इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनौती दी। हाईकोर्ट ने तीन जनवरी 2025 को याचिका निस्तारित करते हुए अपीलीय अदालत के आदेश में हस्तक्षेप करने योग्य कोई त्रुटि नहीं पाई थी।
लिपिकीय त्रुटि को बनाया था आधार
पुंडीर ने 24 दिसंबर 2025 को रिकॉल याचिका दाखिल कर 20 जुलाई 2024 के आदेश को वापस लेने की मांग की थी। उनका तर्क था कि विलंब क्षमा प्रार्थना-पत्र में लिपिकीय गलती के कारण तारीखों का गलत अंकन हो गया था। इसी वजह से उनके मामले पर सही तरीके से विचार नहीं हो सका। अदालत ने याचिका पर विचार करते हुए पाया कि प्रार्थी ऐसा कोई ठोस आधार प्रस्तुत नहीं कर सके, जिससे यह साबित हो कि उन्हें सुनवाई का पर्याप्त अवसर नहीं मिला था। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहीं ऐसी स्वतंत्रता नहीं दी थी कि प्रार्थी उन्हीं आधारों पर दोबारा रिकॉल याचिका दाखिल कर सकें। अदालत के मुताबिक, हाईकोर्ट में पहले रिकॉल आवेदन दाखिल नहीं किए जाने का तर्क पूर्व में पारित अंतिम आदेश की समीक्षा करने का अधिकार नहीं देता। इसी आधार पर रिकॉल याचिका पोषणीय नहीं मानी गई और उसे खारिज कर दिया गया।
