Ghazipur News:आंगनबाड़ी केंद्रों में नौकरी के नाम पर रुपये मांगने का आरोप – Allegations Of Demanding Money In Exchange For Jobs At Anganwadi Centres
गाजीपुर। बेसिक शिक्षा विभाग के को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों में ईसीसीई एजुकेटर की भर्ती में नौकरी दिलाने के नाम पर अभ्यर्थियों से 10 से 30 हजार रुपये तक मांगने का मामला सामने आया है।
साइबर क्राइम पुलिस थाना गाजीपुर में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामला सामने आने के बाद मुख्य विकास अधिकारी की ओर से गठित समिति इसकी जांच कर रही है। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक रहमतुल्लाह खान ने बताया कि जिला समन्वयक प्रशिक्षण सर्वजीत यादव की तहरीर पर 22 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत में अलग-अलग मोबाइल नंबरों से अभ्यर्थियों को फोन कर नौकरी के नाम पर रुपये मांगने का उल्लेख है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
दरअसल, जिले के 170 को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक-एक ईसीसीई एजुकेटर की संविदा पर आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्ति होनी है। इसके लिए सेवायोजन पोर्टल के माध्यम से आवेदन मांगे गए थे। भर्ती प्रक्रिया के दौरान कई अभ्यर्थियों ने फोन पर रुपये मांगे जाने की शिकायत की।
बीएसए उपासना रानी वर्मा ने बताया कि कुछ शिकायतें मिली थीं, जिनमें 10 से 30 हजार रुपये तक मांगने की बात सामने आई। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। फिलहाल भर्ती प्रक्रिया होल्ड कर दी गई है। दो सदस्यीय टीम मामले की जांच कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे कोई निर्णय लिया जाएगा।
