रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Ghazipur News:राज्यसभा सांसद डाॅ. संगीता बलवंत ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनीं – Rajya Sabha Mp Dr. Sangeeta Balwant Has Become The National Vice President Of The Obc Morcha
ग़ाज़ीपुर

Ghazipur News:राज्यसभा सांसद डाॅ. संगीता बलवंत ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनीं – Rajya Sabha Mp Dr. Sangeeta Balwant Has Become The National Vice President Of The Obc Morcha

November 23, 2026


गाजीपुर। गाजीपुर की राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत को भारतीय जनता पार्टी ने ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।

भाजपा ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की संस्तुति पर उन्हें मोर्चा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नामित किया है। 21 नवंबर को जारी नियुक्ति पत्र के बाद जिले के राजनीतिक हलकों में इसे संगीता बलवंत के बढ़ते संगठनात्मक कद के रूप में देखा जा रहा है।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नामित होने पर सांसद संगीता बलवंत ने पार्टी नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में संगठन की विचारधारा, अंत्योदय के संकल्प और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए पूरी निष्ठा, समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगी। साथ ही संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगी।

डॉ. संगीता बलवंत के पिता स्व. डा. रामसूरत बिंद सेवानिवृत्त पोस्टमास्टर थे। संगीता ने बीएड, एलएलबी और मध्यकालीन इतिहास में पीएचडी की उपाधि हासिल की है। उन्होंने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर गाजीपुर सदर सीट से चुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया। इसके बाद सितंबर 2021 में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में उन्हें सहकारिता राज्यमंत्री बनाया गया।

हालांकि, वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें गाजीपुर सदर सीट से हार का सामना करना पड़ा। विधानसभा चुनाव में हार के बावजूद उनका राजनीतिक सफर आगे बढ़ता रहा। अप्रैल 2024 में भाजपा ने उन्हें उत्तर प्रदेश से राज्यसभा भेजा।

संसद में वह वाणिज्य समिति और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति की सदस्य भी रही हैं। मार्च 2025 में उन्हें राज्यसभा के उपाध्यक्षों के पैनल में भी नामित किया गया। अब भाजपा ओबीसी मोर्चा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के साथ ही संगीता को संगठन में राष्ट्रीय स्तर पर काम करने का अवसर मिला है। विधायक, राज्यमंत्री और राज्यसभा सांसद के बाद यह नई जिम्मेदारी उनके राजनीतिक सफर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X