Ghazipur News:11 मुकदमों में वांछित बदमाश गिरफ्तार – Criminal Wanted In 11 Cases Arrested
गाजीपुर। गाजीपुर, आजमगढ़ और चंदौली में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम समेत 11 मुकदमों में नामजद अंतरनपदीय बदमाश को सैदपुर पुलिस ने शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति सैदपुर भितरी रेलवे स्टेशन के बाहर संजय वन के पास मौजूद है।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान परमेश जायसवाल निवासी धरहरा, थाना तरवां, जिला आजमगढ़ के रूप में हुई। कोतवाल ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगालने पर उसके खिलाफ तीन जिलों में कुल 11 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। सैदपुर कोतवाली के अलावा आजमगढ़ के देवगांव, गाजीपुर के खानपुर और चंदौली के सकलडीहा थाने में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। इसके अलावा अन्य जिलों से भी आरोपी के बारे में जानकारी ली जा रही है। संवाद
