शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Gonda News:चार जिलों में लागू होगा ‘परंपरा से पोषण’ अभियान – Nutrition Through Tradition Campaign To Be Implemented In Four Districts
गोंडा

Gonda News:चार जिलों में लागू होगा ‘परंपरा से पोषण’ अभियान – Nutrition Through Tradition Campaign To Be Implemented In Four Districts

November 7, 2026


गोंडा। कुपोषण से लड़ने के लिए गोंडा में शुरू किया गया ‘परंपरा से पोषण’ अभियान अब देवीपाटन मंडल के चारों जिलों में लागू होगा। डीएम प्रियंका निरंजन की इस पहल को मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने सराहा है। उन्होंने बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती में भी इसे शुरू करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत चारों जिलों में 10,842 कुपोषित बच्चों और उनके परिवारों तक पोषण सामग्री पहुंचाई जाएगी।

धनतेरस पर शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में अभियान का शुभारंभ हुआ। इस दौरान 250 कुपोषित बच्चों के अभिभावकों को लोहे की कड़ाही के साथ गुड़, भुना चना, सत्तू, बेसन, लाई, आयरन-कैल्शियम की गोलियां और ओआरएस-जिंक के पैकेट वितरित किए गए। उन्हें पोषक तत्वों से युक्त टेक होम राशन भी दिया गया। कार्यक्रम में ‘पोषण पाठशाला’ नवाचार की शुरुआत भी हुई। अगले तीन महीने में करीब 11 हजार महिलाओं तक पोषण सामग्री पहुंचाने का लक्ष्य है।

अभियान के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के वजन और वृद्धि की निगरानी करेंगी, जबकि आशा कार्यकर्ता नियमित रूप से घरों का भ्रमण करेंगी। बच्चों की पोषण स्थिति और माताओं के हीमोग्लोबिन स्तर की जांच भी होगी। गोंडा में करीब 1,800 कुपोषित बच्चों की पहचान की गई है।

मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि लोहे की कड़ाही में भोजन पकाने से उसमें आयरन की मात्रा बढ़ाने में मदद मिलती है। गुड़, चना और सत्तू जैसे स्थानीय खाद्य पदार्थ कम खर्च में पोषण उपलब्ध कराते हैं। परिवारों की निगरानी तब तक जारी रहेगी, जब तक बच्चों के विकास और माताओं के स्वास्थ्य में सुधार नहीं होता।

डीएम प्रियंका निरंजन ने महिलाओं से भोजन में हरी सब्जियां और साग शामिल करने तथा प्लास्टिक व एल्युमिनियम के बजाय लोहे और मिट्टी के बर्तनों का इस्तेमाल बढ़ाने की अपील की। कार्यक्रम में सीडीओ दयानंद प्रसाद, डीडीओ डॉ. आदित्य तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी एसपी सिंह और जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार मौजूद रहे।

 जिला पंचायत सभागार में आयोजित परंपरा  से पोषण कार्यक्रम में बच्चों को गोद में उठाकर मां से बात

 जिला पंचायत सभागार में आयोजित परंपरा  से पोषण कार्यक्रम में बच्चों को गोद में उठाकर मां से बात

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X