रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
गुरुग्राम

Gurugram News:खेल संघों की मनमानी पर लगेगी रोक – Arbitrary Actions By Sports Associations Will Be Curbed

November 27, 2026


– प्रतियोगिता से 30 दिन पहले देनी होगी सूचना, नियम तोड़ने पर जेल और जुर्माने का प्रावधान

– 6 जिलों के खेल संगठनों की निगरानी करेगी गुरुग्राम क्षेत्रीय परिषद

नंबर गेम – 3 साल के लिए होगा पंजीकरण

शिवम राजपूत

गुरुग्राम। खेलों में एक ही नाम से कई संघ बनाकर अलग-अलग प्रतियोगिताएं कराने और खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र बांटने की व्यवस्था पर अब रोक लगेगी। प्रदेश सरकार ने खेल संघों की कार्यप्रणाली व्यवस्थित करने के लिए नए नियम लागू करने की दिशा में कदम उठाया है। इसके तहत प्रदेश में प्रत्येक खेल के लिए केवल एक राज्य स्तरीय संघ और हर जिले में एक जिला स्तरीय संघ को मान्यता मिलेगी। इसका असर गुरुग्राम में सक्रिय खेल संगठनों पर भी पड़ेगा। अब आधिकारिक प्रतियोगिताएं मान्यता प्राप्त संघ के माध्यम से ही आयोजित की जा सकेंगी।

सरकार ने इसके लिए राज्य खेल पंजीकरण परिषद और चार क्षेत्रीय परिषदों का गठन किया है। नए प्रावधानों के अनुसार राज्य स्तरीय संघ का संबंधित राष्ट्रीय महासंघ से और जिला स्तरीय संघ का राज्य संघ से जुड़ा होना जरूरी होगा। संघों का पंजीकरण तीन साल के लिए मान्य रहेगा। अवधि समाप्त होने से छह महीने पहले नवीनीकरण कराना होगा। राष्ट्रीय या राज्य स्तर पर संबद्धता खत्म होने पर संबंधित संघ का पंजीकरण भी स्वत: रद्द हो जाएगा।

प्रतियोगिता से पहले देनी होगी सूचना-

नए नियमों के तहत किसी भी खेल संघ को ट्रायल या प्रतियोगिता कराने से कम से कम 30 दिन पहले परिषद को जानकारी देनी होगी। आयोजन के 30 दिन के भीतर परिणाम, टीम और खिलाड़ियों का पूरा ब्योरा अपनी वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। परिषद की ओर से नियुक्त सुपरवाइजर सात दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। प्रत्येक संघ को खातों का वार्षिक ऑडिट चार्टर्ड अकाउंटेंट से कराना होगा। संघों के पंजीकरण की प्रक्रिया दिसंबर से शुरू होने की संभावना है।

अपंजीकृत संघों से जुड़े खिलाड़ियों को नहीं मिलेगा लाभ-

बिना पंजीकरण वाले संघों की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को सरकारी अनुदान, नकद पुरस्कार, नौकरी और अन्य नीतिगत लाभ नहीं मिलेंगे। ऐसे संघ सरकारी खेल सुविधाओं का इस्तेमाल भी नहीं कर सकेंगे। बिना पंजीकरण हरियाणा या जिले के नाम का इस्तेमाल करने और नियमों का उल्लंघन करने पर तीन से छह महीने तक जेल और 50 हजार से एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। जिम्मेदारियों में लापरवाही पर राज्य स्तरीय संघ पर पांच से दस लाख रुपये और जिला स्तरीय संघ पर 50 हजार से एक लाख रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है। गंभीर मामलों में संघ का पंजीकरण रद्द हो सकेगा।

गुरुग्राम क्षेत्रीय परिषद में छह जिले शामिल-

गुरुग्राम क्षेत्रीय परिषद के अंतर्गत गुरुग्राम के अलावा रेवाड़ी, पलवल, नूंह, फरीदाबाद और महेंद्रगढ़ जिले शामिल हैं। यह परिषद इन जिलों में खेल संघों के पंजीकरण और उनकी गतिविधियों की निगरानी करेगी। नए नियमों से खेल संगठनों की जवाबदेही तय होगी। साथ ही खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं और प्रमाणपत्रों की प्रामाणिकता को लेकर स्पष्ट व्यवस्था मिलेगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X