Gurugram News:जलभराव से निपटने के लिए आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों से तकनीकी मंथन – Technical Deliberations With Iit Roorkee Experts To Address Waterlogging
जनवरी में शुरू होगा काम, अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य, अगले मानसून से पहले राहत देने की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मानसून में सड़कों को तालाब बना देने वाला बारिश का पानी अब शहर के भूजल भंडार को भरने के काम आएगा। जलभराव की समस्या से जूझ रहे गुरुग्राम में नगर निगम ने वर्षा जल को जमीन के भीतर पहुंचाने की योजना तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इसके लिए तीन दिन पहले नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज यादव ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के विशेषज्ञों के साथ बैठक कर तकनीकी पहलुओं पर मंथन किया। निगमायुक्त के अनुसार, परियोजना पर जनवरी से काम शुरू कर अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य है, ताकि अगले मानसून से पहले शहर को जलभराव से राहत दिलाने की दिशा में ठोस व्यवस्था विकसित की जा सके।
गुरुग्राम में हर साल मानसून के दौरान जलभराव बड़ी चुनौती बन जाता है। थोड़ी देर की तेज बारिश से प्रमुख सड़कें, चौराहे और निचले इलाके पानी में डूब जाते हैं। इससे यातायात व्यवस्था चरमराने के साथ लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ती है। दूसरी ओर शहर में भूजल स्तर को लेकर भी चिंता बनी हुई है। नगर निगम अब इन दोनों समस्याओं का साझा समाधान तलाश रहा है।
सड़कों का पानी जमीन के भीतर पहुंचाने की कवायद
योजना के तहत बारिश के पानी को नालों के जरिए बहाकर बाहर निकालने के बजाय उसका अधिकतम उपयोग भूजल पुनर्भरण में करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञ जलभराव वाले क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों, मिट्टी की प्रकृति और पानी के भूमिगत प्रवाह से जुड़े तकनीकी पहलुओं का अध्ययन कर उपयुक्त समाधान सुझा सकते हैं। इसके आधार पर वर्षा जल संग्रहण और पुनर्भरण की संरचनाएं विकसित करने की योजना है। हालांकि किन स्थानों पर कितनी क्षमता की संरचनाएं बनेंगी, यह विस्तृत तकनीकी अध्ययन के बाद तय होगा।
अगले मानसून से पहले काम पूरा करने की चुनौती
निगमायुक्त ने परियोजना के लिए जनवरी से अप्रैल तक की समयसीमा निर्धारित करने की बात कही है। ऐसे में तकनीकी अध्ययन, स्थानों के चयन, आवश्यक स्वीकृतियों और निर्माण कार्य को सीमित अवधि में पूरा करना नगर निगम के सामने बड़ी चुनौती होगी। शहर में पहले भी जलभराव के स्थायी समाधान के लिए भूमिगत जल भंडारण और इंजेक्शन वेल जैसी तकनीकों पर विचार किया जा चुका है। नई परियोजना में इन अनुभवों का उपयोग किया जा सकता है। हालांकि पुनर्भरण से पहले पानी की गुणवत्ता और भूगर्भीय परिस्थितियों की जांच भी आवश्यक होगी।
नीति आयोग तक पहुंच चुका है जलभराव का मुद्दा
गुरुग्राम में जलभराव के स्थायी समाधान को लेकर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और अधिकारियों की नीति आयोग के साथ बैठक भी हो चुकी है। इससे स्पष्ट है कि समस्या का समाधान केवल स्थानीय स्तर पर नालों की सफाई तक सीमित नहीं रखा जा रहा, बल्कि दीर्घकालिक जल प्रबंधन की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। नगर निगम की योजना सफल होती है तो बारिश का पानी शहर के लिए परेशानी बनने के बजाय उपयोगी संसाधन साबित हो सकता है। हालांकि वास्तविक राहत इस बात पर निर्भर करेगी कि कितने जलभराव वाले क्षेत्र परियोजना में शामिल होते हैं और अगले मानसून से पहले कितनी संरचनाएं कार्यशील हो पाती हैं।
बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से बचने के लिए आईआईटी रूड़की की टीम के साथ बैठक हो चुकी है। गुरुग्राम के जल स्तर बढ़ाने की दृष्टिकोण से काम किया जाएगा। जनवरी माह से इस पर काम होगा। – डाॅ. पंकज यादव, आयुक्त, नगर निगम, गुरुग्राम
