हिमाचल प्रदेश की पहाड़ी भाषाएं केवल हिंदी की बोलियां नहीं हैं, बल्कि भाषा वैज्ञानिक दृष्टि से स्वतंत्र इंडो-आर्यन भाषा समूह का हिस्सा हैं। रूसी विज्ञान अकादमी के प्राच्य अध्ययन संस्थान के विद्वानों ने अपने अध्ययन में इन्हें हिंदी की बोलियां मानने की आधिकारिक व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
अध्ययनकर्ताओं के अनुसार इन भाषाओं की अपनी स्वतंत्र संरचना, शब्दावली और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि है। प्राच्य अध्ययन संस्थान से जुड़ी अनास्तासिया एस क्रायलोवा और इल्या बी स्पेक्टर ने यह शोध किया है। क्रायलोवा ने वर्ष 2014 से 2023 के बीच कुल्लू, मंडी और कांगड़ा जिलों में छह क्षेत्रीय शोध अभियानों में हिस्सा लिया। इन अभियानों में स्थानीय लोगों से बातचीत कर भाषा के शब्द, उच्चारण, व्याकरण और लोकपरंपराओं की जानकारी जुटाई गई। इस अध्ययन को रूसी विज्ञान फाउंडेशन से आर्थिक सहयोग भी मिला है।
इल्या बी स्पेक्टर और अनास्तासिया एस क्रायलोवा का शोधपत्र ‘हिमाचली, कुल्लुई या हिंदी : भारत में भाषाई पहचान की विशेषताएं, हिमाचल प्रदेश के संदर्भ में’ रूसी विज्ञान अकादमी के जर्नल एशिया एंड अफ्रीका टुडे में भी प्रकाशित हो चुका है।