Gurugram News:पटौदी में 750 एकड़ में विकसित होगा मिनी औद्योगिक क्षेत्र – A Mini Industrial Zone Will Be Developed Over 750 Acres In Pataudi
चार गांवों की जमीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू
लैंड पूलिंग पॉलिसी-2026 में बदलाव के बाद एचएसआईआईडीसी ने शुरू की पहले चरण की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) पटौदी क्षेत्र में 750 एकड़ का मिनी औद्योगिक क्षेत्र विकसित करेगा। यह परियोजना नई लैंड पूलिंग नीति-2026 के तहत शुरू हुई है। पहले चरण में रामपुर, जानौला, जोरी और जाटोली गांवों की जमीन खरीदी जाएगी।
नई नीति के तहत भूमि अधिग्रहण के बजाय भू-मालिकों को परियोजना में भागीदारी मिलेगी। उन्हें कुल बिक्री योग्य क्षेत्र में 50 फीसदी हिस्सेदारी दी जाएगी। इसमें वाणिज्यिक स्थल भी शामिल हो सकते हैं। शेष जमीन का उपयोग औद्योगिक, आवासीय या संस्थागत भूखंडों के रूप में होगा। एचएसआईआईडीसी के वरिष्ठ प्रबंधक अरुण गर्ग ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र के विकास की समयसीमा कम की गई है। पहले यह पांच साल निर्धारित थी, जिसे अब घटाकर चार साल कर दिया गया है। विकास एजेंसी को अंतिम स्वीकृति के चार साल के भीतर बुनियादी सुविधाएं विकसित करनी होंगी। निर्धारित अवधि में काम पूरा न होने पर जमीन मालिकों को उनकी जमीन वापस मिलेगी।
नई नीति के तहत भू-मालिकों को चार साल तक प्रति एकड़ एक लाख रुपये सालाना अंतरिम वित्तीय सहायता मिलेगी। यह राशि बिक्री विलेख के पंजीकरण की तारीख से दी जाएगी। भुगतान में 15 दिन से अधिक की देरी होने पर नौ फीसदी सालाना साधारण ब्याज भी मिलेगा। यह सहायता परियोजना में दी गई जमीन के अनुपात में तय होगी।
