Hamirpur (himachal) News:सर्दी बढ़ते ही बाजार में बढ़ी स्किन केयर उत्पादों की मांग – Demand For Skincare Products In The Market Rises As Winter Sets In
अवाहदेवी/हमीरपुर। सर्दियों का मौसम शुरू होते ही हमीरपुर बाजार में सेहत और त्वचा की देखभाल से जुड़े उत्पादों की मांग बढ़ने लगी है। ठंड और शुष्क हवाओं से त्वचा को रूखा होने से बचाने के लिए लोग मॉइस्चराइजर, कोल्ड क्रीम और अन्य स्किन केयर उत्पादों की खरीदारी कर रहे हैं।
खास बात यह है कि अब महिलाएं ही नहीं, बल्कि पुरुष भी त्वचा की देखभाल के लिए विभिन्न कंपनियों के उत्पादों में रुचि दिखा रहे हैं। बाजार में कोल्ड क्रीम और मॉइस्चराइजर की मांग में तेजी देखने को मिल रही है।
वहीं, सर्दी-जुकाम और मौसमी समस्याओं से बचाव के लिए काढ़ा और विभिन्न आयुर्वेदिक उत्पादों की ओर भी लोगों का रुझान बढ़ रहा है। दुकानदारों के अनुसार सर्दियों में इन उत्पादों की बिक्री में हर साल बढ़ोतरी होती है।
इस बार भी जहां स्किन केयर उत्पादों की मांग बढ़ी है, वहीं कई कंपनियों की कोल्ड क्रीम के दामों में भी इजाफा हुआ है। कुछ उत्पादों की कीमतों में 15 से 20 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। पहले 85 रुपये में मिलने वाली कोल्ड क्रीम अब 105 रुपये तक पहुंच गई है।
इसके बावजूद ग्राहक अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार विभिन्न ब्रांड के उत्पाद खरीद रहे हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि ठंड बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में सर्दियों से जुड़े उत्पादों की बिक्री में और तेजी आएगी।
सर्दियों की शुरुआत के साथ ही बाजार में कोल्ड क्रीम, मॉइस्चराइजर और अन्य स्किन केयर उत्पादों की मांग बढ़ रही है। ठंड बढ़ने के साथ इनकी बिक्री में और तेजी आने की उम्मीद है। -उमेश चंदेल, दुकानदार अवाहदेवी
कई कंपनियों की कोल्ड क्रीम के दामों में 15 से 20 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद ग्राहक खरीदारी कर रहे हैं। -राजेश, दुकानदार हमीरपुर
सर्दियों के लिए पहले से तैयारी की जाती है। ग्राहकों को अच्छे उत्पाद कम कीमत पर उपलब्ध करवाएं जाते हैं। -राकेश शर्मा, दुकानदार अवाहदेवी

राकेश शर्मा, दुकानदार अवाहदेवी

राकेश शर्मा, दुकानदार अवाहदेवी
