रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश)

Hamirpur (himachal) News:56 साल पुरानी बस सेवा पर लगा ब्रेक, यात्री परेशान – 56-year-old Bus Service Comes To A Halt; Passengers Inconvenienced

November 22, 2026


त्रिफालघाट-पठानकोट रूट पर बस बंद होने से बढ़ी मुश्किलें

संवाद न्यूज एजेंसी

जाहू (हमीरपुर)। करीब 56 वर्षों से यात्रियों की आवाजाही का सहारा बनी त्रिफालघाट-पठानकोट बस सेवा बंद होने से क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम की इस बस के नियमित रूप से न चलने के कारण यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

खासकर विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और उपचार के लिए दूसरे जिलों में जाने वाले मरीजों को आवाजाही के लिए दूसरे साधनों पर निर्भर होना पड़ रहा है। वर्ष 1972 से इस रूट पर बस सेवा चल रही है।

शुरुआत में यह बस बल्द्वाड़ा से पठानकोट तक चलती थी, लेकिन बाद में इसका रूट बढ़ाकर मंडी जिला के त्रिफालघाट तक कर दिया गया। त्रिफालघाट से पठानकोट वाया बल्द्वाड़ा, जाहू, लदरौर और भोटा चलने वाली यह बस हमीरपुर क्षेत्र के लोगों के लिए परिवहन का महत्वपूर्ण साधन रही है।

इसके माध्यम से लोग पठानकोट, कांगड़ा और धर्मशाला तक सीधा सफर करते हैं। इस बस सेवा पर सबसे अधिक निर्भरता विद्यार्थियों की है। पठानकोट, कांगड़ा और धर्मशाला के शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थी कई वर्षों से इसी बस के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंचते रहे हैं।

बस सेवा बाधित होने से उनकी पढ़ाई और रोजाना की आवाजाही प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों प्रकाश, राजन, अजय और विजय ने एचआरटीसी प्रबंधन से मांग की है कि इस महत्वपूर्ण रूट पर बस सेवा नियमित रूप से बहाल की जाए।

साथ ही, इस रूट पर अच्छी हालत वाली बस भेजी जाए, ताकि यात्रियों को सुगम और सुरक्षित परिवहन सुविधा मिल सके।

कोट

बस में तकनीकी दिक्कत के कारण अस्थाई रूप से बस सेवा बंद की है। बस की मरम्मत के बाद बस सेवा को बहाल कर दिया जाएगा। -विजय, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी पठानकोट डिपो

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X