Hamirpur News:ग्रीनफील्ड हाईवे के लिए भूमि अधिग्रहण ने पकड़ी रफ्तार – Land Acquisition For The Greenfield Highway Has Gained Momentum
= हमीरपुर के 35 में 14 गांवों का 3जी अवार्ड पूरा, महोबा के अंतिम गांव में चल रहा सर्वे का काम
= अनुबंध आवंटन तक 90 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण का लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। कानपुर-कबरई ग्रीनफील्ड हाईवे के लिए भूमि अधिग्रहण की सुस्त रफ्तार अब तेज हुई है। अमर उजाला में 13 नवंबर को प्रकाशित खबर के बाद तीन दिन में हमीरपुर के 11 और गांवों में 3जी अवार्ड पूरा हुआ है। पहले जिले के 35 गांवों में से सिर्फ तीन गांवों का अवार्ड हुआ था, अब यह संख्या बढ़कर 14 पहुंच गई है। वहीं, महोबा के नौ गांवों में से आठ का 3जी अवार्ड पूरा हो चुका है। अंतिम गांव में भी कार्रवाई चल रही है।
117.70 किलोमीटर लंबा यह फोरलेन ग्रीनफील्ड हाईवे भोपाल-कानपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर का हिस्सा है। इसके निर्माण पर 5757.23 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। हाईवे हमीरपुर, महोबा और कानपुर नगर के गांवों से होकर गुजरेगा। हमीरपुर में 35 गांवों की करीब 40 किलोमीटर, महोबा में नौ गांवों की 23.70 किलोमीटर और कानपुर नगर में 49 गांवों की करीब 49 किलोमीटर जमीन अधिग्रहित की जानी है। परियोजना को एक जुलाई 2026 को कैबिनेट की मंजूरी मिली थी।
कई बार बढ़ाई गई टेंडर की तारीख
भूमि अधिग्रहण की धीमी प्रगति के चलते टेंडर प्रक्रिया की तारीख कई बार बढ़ाई गई। पहले छह अक्तूबर, फिर 22 अक्तूबर और इसके बाद 28 अक्तूबर की तिथि निर्धारित की गई थी। बिड जमा करने की अंतिम तिथि 16 नवंबर थी। अब आज बिड खुलने की उम्मीद है।
वर्जन
जिले में अब तक 14 गांवों का 3जी अवार्ड पूरा हो चुका है। शेष गांवों में सर्वे का काम पूरा है। किसानों की आपत्तियों का निस्तारण कर अवार्ड की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इसके बाद मुआवजा वितरण की कार्रवाई होगी। – राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी हमीरपुर
वर्जन
भूमि अधिग्रहण की प्रगति को देखते हुए आज टेंडर की बिड खुलने की उम्मीद है। अनुबंध आवंटित होने तक 90 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। – पंकज यादव, परियोजना निदेशक एनएचएआई
