Hamirpur News:युवक को नशीला पदार्थ सुंघाकर नकदी-मोबाइल लूटे – Cash And Mobile Phone Looted From A Young Man After He Was Made To Inhale An Intoxicating Substance
भरुआ सुमेरपुर। गांव से नोएडा जाने के लिए निकले एक युवक को अज्ञात ई-रिक्शा चालक ने नशीला पदार्थ सुंघाकर नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान लूट लिया। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है।
मुंडेरा निवासी सुशील कुमार वर्मा के अनुसार, वह 21 नवंबर की देर शाम गांव से नोएडा जाने के लिए निकला था। कस्बे के बस स्टैंड पर मिले एक ई-रिक्शा चालक ने बस का टिकट बनवाने का झांसा देकर उसे ई-रिक्शे में बैठा लिया। बातचीत के दौरान उसे सौंखर मोड़ की ओर ले गया। आरोप है कि वहां चालक ने मारपीट करने के बाद उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद आरोपी उसके पास रखे 49 हजार रुपये, दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड और बैग छीनकर फरार हो गया। होश आने पर पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
थानाध्यक्ष राममोहन राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
