महोबा/बेलाताल/श्रीनगर/अजनर। मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान वोटर बनने के लिए युवाओं में अलग ही उत्साह दिखा। हालांकि, कुछ बूथों में इक्का-दुक्का लोग ही पहुंचे।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अभियान के दूसरे दिन रविवार को बूथों पर सुबह से ही बीएलओ उपस्थित रहे। इस दौरान मतदाताओं के नाम सूची में बढ़वाने के लिए फार्म-6 भरे गए। इसके अलावा फार्म-7 व फार्म-8 भी भरकर जमा किए गए। बेलाताल के कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय जैतपुर में रविवार को आयोजित विशेष अभियान दिवस का आयोजन हुआ। बूथ का नायब तहसीलदार वैभव कुमार ने निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। यहां के तीनों बूथों पर मतदान के लिए पात्र हुए युवाओं में उत्साह दिखा। 16 युवाओं ने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6 भरा जबकि फार्म-8 से संबंधित दो आवेदन आए। इस दौरान भाग संख्या-19 के बीएलओ छिकोड़ीलाल, भाग संख्या-20 की बीएलओ सुचेता गुप्ता, भाग संख्या-21 के बीएलओ शहजादे तनवीर खान मौजूद रहे।
श्रीनगर संवाद के अनुसार राजकीय इंटर कॉलेज के बूथ पर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले 10 युवाओं ने फार्म-6 भरकर जमा किए। वहीं, पूर्व माध्यमिक विद्यालय के इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल भैरवगंज में 25 युवाओं ने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया। अजनर संवाद के अनुसार बूथ संख्या 78, 80, 81 और 82 में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए दो-दो लोगों ने फार्म छह भरकर जमा किए। जबकि बूथ संख्या 79 में फार्म-6 से संबंधित एक भी आवेदन नहीं आया।