रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hapur News:रमपुरा गांव के जंगल में तेंदुआ दिखने का दावा – Claim Of A Leopard Sighting In The Forest Near Rampura Village
हापुड़

Hapur News:रमपुरा गांव के जंगल में तेंदुआ दिखने का दावा – Claim Of A Leopard Sighting In The Forest Near Rampura Village

November 27, 2026


Claim of a leopard sighting in the forest near Rampura village

गांव रमपुरा में तेंदुआ दिखने की जानकारी देते ग्रामीण। संवाद

कुचेसर चौपला। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के रमपुरा गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर करीब सवा चार बजे तेंदुआ देखे जाने के दावे से दहशत फैल गई। जंगल में तेंदुआ नजर आने की खबर मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की।

रमपुरा गांव निवासी व भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के युवा जिला सचिव रोहित सिरोही ने बताया कि वह गांव के ही नरेंद्र सिरोही के साथ खेतों से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें बीरपाल सिंह के ईंख के खेत की तरफ तेंदुआ जाता दिखाई दिया। उनके अनुसार, आहट पाकर तेंदुआ घने गन्ने के खेत में जाकर छिप गया। सूचना मिलते ही अंकित सिरोही और दानवीर सिरोही समेत कई ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और आसपास तलाश भी की, लेकिन गन्ने की फसल घनी होने के कारण तेंदुए का पता नहीं चल सका।

उधर, रसूलपुर निवासी कालू चौधरी ने भी दावा किया है कि रमपुरा के जंगल में स्थित उनके खेतों के पास उन्हें भी तेंदुआ दिखाई दिया है। तेंदुए दिखाई देने के दावे से रमपुरा, बनखंडा, नयाबास, हाजीपुर समेत कई गांवों के ग्रामीण दहशत में हैं। रोहित सिरोही ने तेंदुए देखे जाने की जानकारी एसडीएम हापुड़ को दी और उसके बाद वन विभाग को सूचित किया। वन विभाग से डिप्टी रेंजर जोगपाल सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच में जुटे रहे।

डिप्टी वन रेंजर जोगपाल सिंह ने बताया कि ग्रामीणों के द्वारा तेंदुए देखे जाने की जानकारी पर मौके पर पहुंचकर जांच की जा रही है। अभी तक तेंदुए के पंजे के निशान नहीं मिले हैं। वहीं ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X