रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हापुड़

Hapur News:रोडवेज संविदा कर्मचारियों ने आंदोलन का बिगुल फूंका, 16 दिसंबर को प्रदेशभर में प्रदर्शन का एलान – Roadways Contractual Employees Sound The Bugle For Protest

November 28, 2026


हापुड़। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के संविदा चालक-परिचालकों और कर्मचारियों की लंबित समस्याओं को लेकर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने आंदोलन का एलान किया है। परिषद ने परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को आंदोलनात्मक नोटिस और मांग-पत्र भेजकर संविदा कर्मचारियों के शोषण, असमान व अपर्याप्त पारिश्रमिक, सेवा की अनिश्चितता और सामाजिक सुरक्षा के अभाव को समाप्त करने की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर 16 दिसंबर से प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी गई है। इसे लेकर शुक्रवार को हापुड़ डिपो में कर्मचारियों ने प्रदर्शन भी किया।

परिषद के अध्यक्ष गिरिजा शंकर तिवारी और महामंत्री गिरिश चंद्र मिश्र ने बताया कि निगम की बसों का संचालन करने वाले संविदा कर्मचारियों को वर्षों की सेवा के बावजूद नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उनसे लगातार काम लिया जा रहा है, लेकिन सेवा सुरक्षा, उचित वेतन और भविष्य की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस नीति नहीं बनाई गई है। परिषद ने संविदा चालकों और परिचालकों के नियमितीकरण की योजना बनाने, समान कार्य के लिए समान वेतन देने और पारिश्रमिक का पारदर्शी निर्धारण करने की मांग की है।

मांगपत्र में 50 प्रतिशत से कम लोड फैक्टर आने पर कर्मचारियों के वेतन से प्रोत्साहन राशि की एक-तिहाई धनराशि काटने की व्यवस्था समाप्त करने, ईपीएफ कटौती को खत्म कर कुल पारिश्रमिक में सुधार करने और ड्यूटी के दौरान दुर्घटना अथवा गंभीर बीमारी की स्थिति में कर्मचारियों को सुरक्षा देने की मांग भी शामिल है। इसके अलावा 10 वर्ष से अधिक सेवा करने वाले संविदा परिचालकों को 60 वर्ष की आयु तक सेवा सुरक्षा देने व सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त धनराशि देने की मांग उठाई गई है।

परिषद ने अवैध यात्री परिवहन और डग्गामारी पर रोक लगाने, राष्ट्रीयकृत मार्गों पर नियमों का पालन कराने व निजी बसों के अवैध संचालन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि 16 दिसंबर को प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन और रैली निकाली जाएगी। इसके बाद 20 जनवरी 2027 को लखनऊ में प्रदेशस्तरीय प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया है। परिषद ने चेतावनी दी है कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X