शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हरदोई

Hardoi News:ट्रेन में आरक्षण न मिलने पर कार से निकला था परिवार, घर वाले करते रह गए इंतजार – A Family Set Off By Car After Failing To Secure Train Reservations; Their Loved Ones Were Left Waiting For Them

November 7, 2026


हरदोई/बिलग्राम। कन्नौज मार्ग पर शुक्रवार सुबह जफरपुर पुलिया के पास हुए हादसे में दंपती और तीन माह के मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन इन सभी के घर आने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन मोबाइल पर इनकी मौत हो जाने की सूचना आई। परिजन बताते हैं कि दंपती को बेटे समेत ट्रेन से हरदोई आना था, लेकिन आरक्षण न मिल पाने के कारण यह लोग कार से निकले थे। खास बात यह भी है कि मासूम जन्म के बाद पहली बार दादी बाबा से मिलने घर आ रहा था।मूल रूप से सुरसा थाना क्षेत्र के सर्रा निवासी रमेश के पिता हरीराम परिवार समेत शहर कोतवाली क्षेत्र के चांदबेहटा में रहते हैं। रमेश गुरुग्राम में इलेक्ट्रॉनिक्स के एक शोरूम में कंप्यूटर ऑपरेटर थे। वह गुरुग्राम में ही पत्नी नीलम के साथ रहते थे। तीन माह पहले नीलम ने गुरुग्राम में ही बेटे को जन्म दिया था। तीनों दिवाली के मौके पर घर आने की तैयारी में थे। गुरुग्राम में ही रमेश का भांजा कानपुर के काकादेव शारदा नगर निवासी आदित्य भी एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक है। आरक्षण न मिलने के कारण रमेश अपने भांजे आदित्य के साथ उनकी कार से आने को तैयार हो गया। चारों लोग कार से निकले थे। कार आदित्य चला रहे थे। शुक्रवार सुबह चार बजे के आस पास शाहपुर मोड़ के निकट जफरपुर पुलिया के पास कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। घटना में रमेश, नीलम और उनके तीन माह के बेटे की मौत हो गई। आदित्य का इलाज चल रहा है। रमेश के पिता हरीराम ने बताया कि वह लोग बेटे बहू और पोते के आने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन सुबह लगभग पांच बजे हादसे की खबर मिली।

इनसेट

पांच साल बाद भरी थी गोद, अन्नप्राशन से पहले ही चली गई जान

रमेश की शादी साढ़े पांच साल पहले नीलम से हुई थी। तीन माह पहले ही नीलम की गोद भरी थी। उन्होंने बेटे को जन्म दिया था। धनतेरस के दिन बेटे का अन्नप्राशन भी होना था। इसकी तैयारी भी चांद बेहटा स्थित मकान में चल रही थी। रमेश के पिता हरीराम ने बताया कि उनके पारिवारिक भाई बघौली के मसीत निवासी छोटे भइया की बेटी की मौत तीन दिन पहले बीमारी के कारण हो गई थी। इस वजह से अन्नप्राशन का कार्यक्रम दिवाली के अगले दिन के लिए तय कर दिया गया था। अन्नप्राशन में दावत भी होनी थी और रिश्तेदारों को भी बुलाया गया था, लेकिन इससे पहले ही हादसा हो गया।

इनसेट

खोल लिए थे कार के दरवाजे… मगर तैर न पाए, जान बचाने को जूझते रहे ग्रामीण

नहर में कार गिर जाने पर किसी तरह कार सवार लोगों ने दरवाजा खोल लिया, लेकिन इन लोगों को तैरना नहीं आता था। यही वजह रही कि तीन लोग उतराते नजर आए। सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने मशक्कत कर न सिर्फ दंपती और इनके बच्चे को बाहर निकाला, बल्कि कार चला रहे आदित्य को भी बाहर निकाल लिया। आदित्य काफी हद तक ठीक लग रहा था। सबसे पहले उसे ही उल्टा लिटाकर ग्रामीणों ने थपकी देना शुरू की। इसके बाद दंपती और बच्चे को भी इन लोगों ने जीवन देने की कोशिश की, लेकिन कन्नौज अस्पताल में इन तीनों को मृत घोषित कर दिया गया।

इनसेट

घटना की वजह अब भी साफ नहीं

घटना की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। माना जा रहा है कि कार चला रहे आदित्य को झपकी आ गई। इसकी वजह से कार अनियंत्रित होकर पुलिया से पहले ही बाईं ओर नहर में जा गिरी। हालांकि कुछ लोगों का यह भी मानना है कि हादसा पुलिया से कार ट कराने के बाद हुआ, लेकिन कार के पुलिया से टकराने के कोई निशान नहीं मिले हैं। कोतवाल विजय कुमार का कहना है कि आदित्य की हालत में सुधार होने के बाद उनसे घटना कैसे हुई के बारे में जानकारी ली जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X