आलू उत्पादन के लिए देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले सादाबाद क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत हुई है। क्षेत्र के गांव नगला नाला के प्रगतिशील युवा किसान अंकज चौधरी और संजू चौधरी ने पहली बार बड़े पैमाने पर मिनी ट्यूबर के जरिये आलू का बीज तैयार करने का बीड़ा उठाया है।
इस पहल के तहत उन्होंने करीब 200 बीघा जमीन पर आलू की छह उन्नत प्रजातियों के मिनी ट्यूबर का रोपण किया है, जिसमें एक मिनी ट्यूबर की लागत लगभग 15 रुपये है। इस प्रयोग को केवल खेती में एक नया नवाचार नहीं, बल्कि सादाबाद के आलू किसानों की वर्षों पुरानी और सबसे बड़ी समस्या घटिया व वायरसयुक्त बीज के संकट के स्थायी समाधान के रूप में देखा जा रहा है।
छह प्रमुख प्रजातियों का हो रहा है रोपण
किसान अंकज चौधरी और संजू चौधरी ने अपने खेतों में आलू की जिन छह प्रमुख और लोकप्रिय प्रजातियों के मिनी ट्यूबर लगाए हैं, उनमें कुफरी बहार, कुफरी सूर्या, कुफरी चिप्सोना, कुफरी डायमंड, कुफरी फ्रायसोना और कुफरी टी-7 शामिल हैं। इन प्रजातियों के माध्यम से वह वैज्ञानिक पद्धति से बीज उत्पादन की पूरी शृंखला को आगे बढ़ा रहे हैं।