Hathras News:आवासीय भवन में चलता मिला अस्पताल, खामियां मिलने पर किया सील – Hospital Found Operating In A Residential Building, Sealed After Defects Found
हाथरस। लगातार मिल रहीं शिकायतों पर शनिवार शम को रुहेरी स्थित कृष्णा हॉस्पिटल पर एडीएम प्रशांत तिवारी के नेतृत्व में प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारा। आवासीय भवन में अस्पताल चल रहा था, जिसमें पर्याप्त जगह भी नहीं थी। खामियों के आधार पर उसे सील कर दिया गया।
जिस चिकित्सक के नाम पर अस्पताल का पंजीकरण दर्शाया गया, वह मौजूद नहीं मिला। जांच में पता चला कि एक युवक बीएएमएस कर रहा है, जिसकी डिग्री पूरी नहीं हुई है।
जारी प्रेस नोट में सीएमओ डॉ. वेदप्रकाश ने बताया कि जांच के समय अस्पताल में कोई भी डॉक्टर मौजूद नहीं था और जिन चिकित्सक नवीन सोलंकी के नाम से रजिस्ट्रेशन बताया गया, वे भी उपलब्ध नहीं थे। संचालक जांच टीम के किसी भी सवाल का सही जवाब नहीं दे सके।
संचालक ने बताया कि नवीन सोलंकी मथुरा और एक अन्य डॉक्टर, जिनका नाम वह नहीं बता सका, अलीगढ़ से आते हैं और उन्हीं के माध्यम से डिलीवरी और ऑपरेशन कराए जाते हैं। बायोमेडिकल वेस्ट का निस्तारण ठीक नहीं मिला, ऑपरेशन थिएटर में जगह-जगह गंदगी थी। अग्निशमन यंत्र भी काम करते नहीं मिले। विद्युत व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं पाई गई।
मुरसान निवासी ममता ने अस्पताल की शिकायत की थी। रुहेरी के रहने वाले दो भाइयों का नाम लेते हुए उन्होंने शिकायत की थी कि ये अवैध रूप से अस्पताल चला रहे हैं। यही नहीं फर्जी डिग्री के आधार पर इलाज कर रहे हैं। अस्पताल में अवैध तरीके से ऑपरेशन व डिलीवरी की जा रही हैं। शिकायत में भ्रूण जांच व लापरवाही से मरीजों की मौत जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत में 15 नवंबर को डिप्टी सीएमओ डॉ. एमआई आलम व स्वास्थ्य विभाग की टीम के छापा मारने का भी जिक्र किया गया था। इसी शिकायत पर डीएम के निर्देशन में टीम गठित की गई।
जांच के बाद अस्पताल सील कर दिया गया है। इसकी विस्तृत जांच कराकर आगे विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह भी देखा जाएगा कि इस अस्पताल का पंजीकरण किसने और किन परिस्थितियों में दिया था।
-प्रशांत तिवारी, एडीएम
