त्योहारी सीजन और सड़कों पर बढ़ते यातायात के बीच पुलिस प्रशासन की लापरवाही सामने आई है। हर साल एक नवंबर से शुरू होने वाला यातायात माह अभियान इस बार आधा महीना बीतने के बाद भी विधिवत शुरू नहीं हो सका है। जिले में न तो कोई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और न ही सड़कों पर सघन चेकिंग या यातायात नियमों का पालन कराने के प्रयास दिखाई दे रहे हैं।
जिले में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से अब तक जिले में हुए सड़क हादसों में 250 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। हर महीने औसतन 20 से 25 लोगों की मौत हो रही है, जबकि इससे लगभग तीन गुना लोग गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं।
यातायात माह के तहत वाहन चेकिंग की जा रही है और लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। प्रवेश परीक्षाओं, त्योहारों और अन्य कारणों से विधिवत शुभारंभ कार्यक्रम नहीं किया गया है। स्कूल-कॉलेजों में कार्यशालाएं आयोजित कराई जाएंगी। -रामानंद कुशवाहा, एएसपी।