हाथरस। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में 417 जोड़ों का विवाह हुआ। इनमें 40 मुस्लिम जोड़े भी शामिल रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक वधू के बैंक खाते में 64 हजार रुपये की अनुदान राशि भेजी जाती है। इसके अलावा 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी जाती है। इसमें चांदी की पायल-बिछिआ, ट्रॉली बैग, कुकर, डिनर सेट, शृंगारदानी, कपड़े और अन्य सामान शामिल हैं। वहीं विवाह आयोजन और अन्य व्यवस्थाओं पर प्रति जोड़ा 15 हजार रुपये खर्च किए जाते हैं। इस तरह प्रत्येक विवाह पर कुल एक लाख रुपये खर्च करने की व्यवस्था की गई है।