Hathras News:साइकिल न चलाने देने से नाराज हुआ किशोर, संदिग्ध हालात में मौत – Teenager Upset Over Being Denied Permission To Ride A Bicycle Dies Under Suspicious Circumstances
साइकिल न चलाने देने से नाराज 12 वर्षीय किशोर की घर में ही संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन आनन-फानन उसे अचेत अवस्था में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गले पर फंदे के निशान होने के कारण अस्पताल से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार बच्चे की मौत करंट के कारण हुई है। हाथरस जंक्शन के गांव रम नगला निवासी ईशान पुत्र निहाल सिंह (12 वर्ष) की साइकिल चलाने पर मां से कहासुनी हो गई थी। गिरने के कारण चोट लगने से मां ने डांट दिया था।
इसके बाद ईशान अपने कमरे में चला गया। मां छत पर कपड़े सुखाने चली गई। जब वह कमरे में लौटीं तो ईशान अचेत हालत में पड़ा था। आनन-फानन परिजन उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही मां के होश उड़ गए। वे बेटे को याद कर बिलखने लगीं। इकलौते बेटे की मौत से मां बदहवास हो गईं। रोते हुए उन्होंने साइकिल चलाने पर हुई कहासुनी की जानकारी दी। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक को बच्चे के गले पर दिखे निशान से संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जब तक गांव में पुलिस पहुंची बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। सीओ सिकंदराराऊ अमित पाठक ने बताया कि पुलिस की छानबीन में करंट से मौत की बात सामने आई है।
