शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Health Tips : सर्दियों में सूर्य नमस्कार ज्यादा फायदेमंद, इसे क्यों माना जाता है फुल बॉडी वर्कआउट? योगाचार्य से जानिए
लाइफ़स्टाइल

Health Tips : सर्दियों में सूर्य नमस्कार ज्यादा फायदेमंद, इसे क्यों माना जाता है फुल बॉडी वर्कआउट? योगाचार्य से जानिए

November 7, 2026


ऋषिकेश. सर्दियों के मौसम में सुबह-सुबह बिस्तर से उठकर योग करने में बहुत आलस आता है, लेकिन अगर दिन की शुरुआत सूर्य नमस्कार से की जाए तो शरीर को कई फायदे मिलते हैं. सूर्य नमस्कार योग का ऐसा अभ्यास है, जिसमें शरीर के लगभग सभी अंगों की कसरत हो जाती है. नियमित रूप से इसे करने से शरीर में गर्माहट बनी रहती है, मांसपेशियां मजबूत होती हैं और शरीर की फ्लेक्सिबिलिटी भी बढ़ती है. लोकल 18 से ऋषिकेश के योगाचार्य दिनेश बताते हैं कि सूर्य नमस्कार योग करने का एक ऐसा तरीका है, जिसमें शरीर को स्वस्थ और एक्टिव रखने के लिए 12 अलग-अलग मुद्राएं की जाती हैं. इन सभी मुद्राओं को एक खास ऑर्डर में किया जाता है.

कैसे होती शुरुआत

सूर्य नमस्कार की शुरुआत सीधे खड़े होकर हाथ जोड़ने से होती है. इसके बाद हाथों को ऊपर उठाना, धीरे-धीरे आगे की ओर झुकना, हाथों को जमीन पर रखना और पैरों को पीछे की ओर ले जाना जैसी क्रियाएं की जाती हैं. इसमें कुछ मुद्राओं में शरीर को जमीन के करीब लाना होता है, तो कुछ में कमर और पीठ को पीछे की ओर मोड़ना पड़ता है. सूर्य नमस्कार में शरीर के हाथ, पैर, कमर, पीठ, पेट और कंधों की अच्छी कसरत हो जाती है. यही वजह है कि इसे योग का फुल बॉडी वर्कआउट माना जाता है.

12 आसनों में क्या-क्या

योगाचार्य दिनेश के मुताबिक, सूर्य नमस्कार सुबह सूर्योदय के समय खाली पेट करना सबसे अच्छा माना जाता है. इसे सबसे पहले प्रणामासन से शुरू करना चाहिए, फिर हस्त उत्तानासन, पादहस्तासन, अश्व संचालनासन, दंडासन, अष्टांग नमस्कार, भुजंगासन और पर्वतासन करना चाहिए. इसके बाद दोबारा अश्व संचालनासन, पादहस्तासन, हस्त उत्तानासन और अंत में प्रणामासन करना चाहिए. इस तरह 12 आसनों का एक राउंड पूरा होता है.

घटता है वजन

योगाचार्य दिनेश कहते हैं कि सर्दियों में नियमित रूप से सूर्य नमस्कार करने से शरीर को कई तरह के फायदे मिलते हैं. इससे शरीर में गर्माहट आती है और ठंड के कारण होने वाली सुस्ती भी कम होती है. सूर्य नमस्कार से हाथ, पैर, कमर और पेट की अच्छी कसरत होती है. इससे मांसपेशियां मजबूत होती हैं और शरीर की फ्लेक्सिबिलिटी बढ़ती है. रोजाना इसका अभ्यास करने से कैलोरी बर्न करने में मदद मिलती है, जिससे वजन घटाने में भी फायदा होता है.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X