Hisar News:कूड़ा उठान में लापरवाही पर एजेंसी को फटकार – Agency Reprimanded For Negligence In Garbage Collection
रतिया। शहर में कई दिनों से डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के नियमित रूप से नहीं पहुंचने और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने की शिकायतों पर शुक्रवार को नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया। नगर पालिका सचिव शुभम कुमार ने कूड़ा उठाने वाली एजेंसी के कार्यों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान सफाई व्यवस्था में खामियां मिलने पर उन्होंने एजेंसी के सुपरवाइजर और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही चेतावनी दी कि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो जुर्माना लगाने से लेकर ठेका रद्द करने तक की कार्रवाई की जाएगी।
पिछले कई दिन से शहरवासी सोशल मीडिया के माध्यम से डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के मोहल्लों में नहीं पहुंचने की शिकायत कर रहे थे। लोगों का कहना था कि कई-कई दिन तक गाड़ियां नहीं आने से घरों का कूड़ा गलियों और सड़कों पर डालना पड़ रहा है। शहर के कई वार्डों में कूड़े के ढेर लगने से गंदगी और बदबू फैल रही है। इससे बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सचिव शुभम कुमार ने स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्था की जांच की। उन्होंने कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों की संख्या, मौके पर उपलब्धता और संचालन की स्थिति का जायजा लिया। इसके अलावा एजेंसी के कर्मचारियों की हाजिरी भी जांची। निरीक्षण में सामने आया कि कई इलाकों में गाड़ियां निर्धारित समय पर नहीं पहुंच रही थीं और सफाई व्यवस्था तय मानकों के अनुरूप नहीं थी।
चेताया-काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं :
इस पर सचिव ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी वार्डों में प्रतिदिन निर्धारित समय पर गाड़ियां पहुंचनी चाहिएं और प्रत्येक घर से कूड़ा उठाया जाए। कहीं भी कूड़े के ढेर नहीं लगने चाहिएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का ठेका शहर को स्वच्छ रखने के लिए दिया गया है। भुगतान लेने के बावजूद काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
