Jaunpur News:पोती से सगड़ी टकराने का विरोध किया तो दादा को पीटा – Grandfather Beaten After Objecting To ‘sagdi’ (brazier) Bumping Into His Granddaughter
रामनगर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के रसूलहा गांव में पोती को सगड़ी से टकराने के बाद डांटने का विरोध करना एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया। आरोप है कि तीन लोगों ने एकजुट होकर बुजुर्ग की लाठी-डंडे, ईंट और लात-घूंसों से पिटाई कर दी। हमले में उनका सिर फट गया और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव निवासी लालता प्रसाद गौड़ के अनुसार, रविवार शाम करीब 6:30 बजे उनकी सात वर्षीय पोती आर्या घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान गांव के नन्हकू पुत्र जटाशंकर तिवारी सगड़ी लेकर आ रहे थे। आरोप है कि सगड़ी से पोती टकरा गई तो नन्हकू उसे डांटने लगे। पोती की आवाज सुनकर लालता प्रसाद मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। इस पर नन्हकू, जटाशंकर पुत्र कन्हैयालाल और अतुल पुत्र जटाशंकर ने गाली-गलौज करते हुए ईंट, डंडे और लात-घूंसों से उनकी पिटाई शुरू कर दी। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी अब भी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष राजेश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
