झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में सोमवार को कुश्ती के अखाड़े में पहलवानों ने अपनी ताकत और कौशल दिखाया। बुंदेलखंड केसरी और जिला केसरी दंगल में स्थानीय और बाहरी क्षेत्रों के 90 पहलवानों ने दांव-पेच दिखाए। महिला और पुरुष पहलवानों के अलग-अलग मुकाबले हुए। महिला वर्ग में कृतिका अहिरवार और तमन्ना समाधिया ने फाइनल में जगह बनाकर खिताबी भिड़ंत तय की। मंगलवार को विभिन्न भार वर्गों के फाइनल मुकाबले होंगे।
जिला कुश्ती संघ की ओर से आयोजित दंगल में सुबह 10 बजे से पहलवानों का पंजीकरण और वजन परीक्षण हुआ। दोपहर तीन बजे से मुकाबले शुरू हुए। बुंदेलखंड केसरी, बुंदेलखंड कुमार, जिला केसरी, जिला कुमार, बुंदेलखंड वीर अभिमन्यु और बाल वीर केसरी वर्ग में पहलवानों ने जोर आजमाया। दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
बाल केसरी वर्ग में रसोई निवासी साहिल और बबीना निवासी अनमोल ने अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाई। महिला वर्ग में कृतिका अहिरवार और तमन्ना समाधिया ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। बुंदेलखंड वीर अभिमन्यु वर्ग के सेमीफाइनल में डगरवाहा के सागर, बबीना के तनिष्क, झरना अखाड़ा के लक्ष्य और मिलान के ऋतिक पहुंचे।
जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। इससे युवा खिलाड़ियों को बड़े मंचों तक पहुंचने की प्रेरणा मिलती है। इस अवसर पर समाजसेवी रोहित पांडेय, डॉ. अशोक राय, जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा, हरविंद कुमार, बैदेही शरण सरावगी, सुंदर ग्वाला, मोनी पहलवान और पीटर सैमुअल (एनआईएस) आदि मौजूद रहे।