Jhansi News:बैंक ऑफ महाराष्ट्र में चोरी का प्रयास, नकदी और कीमती सामान सुरक्षित – Attempted Theft At Bank Of Maharashtra; Cash And Valuables Remain Secure
ललितपुर। बैंक ऑफ महाराष्ट्र की ललितपुर शाखा में चोरी का प्रयास किया गया। अज्ञात व्यक्ति ने कटर से बैंक के मुख्य द्वार के ताले काटकर अंदर प्रवेश किया और नकदी काउंटर तक पहुंचकर लॉकरों की तलाशी ली। हालांकि, वह नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी नहीं कर सका। शाखा प्रबंधक प्रकाश सिंह ने बुधवार को कोतवाली सदर में शिकायत दर्ज कराई है।
घटना 15 नवंबर की रात करीब 11:50 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति कटर से बैंक के मुख्य द्वार के ताले काटता दिखाई दिया। 16 नवंबर की सुबह करीब 9:40 बजे बैंक खुलने पर कर्मचारियों ने ताले कटे हुए देखे। इसके बाद घटना की जानकारी हुई। फुटेज के अनुसार, बैंक के अंदर अंधेरा होने पर व्यक्ति ने रोशनी के लिए लाइटर जलाया। फिर वह नकदी काउंटर तक पहुंचा और वहां लॉकरों की तलाशी ली, लेकिन उसे कुछ नहीं मिला।
घटना के बाद बैंक प्रबंधन ने आंतरिक जांच कराई। जांच में बैंक की नकदी, स्वर्ण आभूषण और अन्य वित्तीय व गैर-वित्तीय संपत्तियां सुरक्षित मिलीं। मुख्य द्वार के ताले कटने के अलावा कोई अन्य सामान गायब नहीं हुआ। सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना
सीसीटीवी फुटेज में अज्ञात व्यक्ति रात करीब 11:50 बजे बैंक में प्रवेश करता दिखाई दिया। उसने कटर से मुख्य द्वार के ताले काटे और अंदर पहुंचा। अंधेरा होने पर लाइटर जलाकर रोशनी की। इसके बाद वह नकदी काउंटर की ओर गया और लॉकरों की तलाशी ली। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ कैमरे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
आंतरिक जांच में सभी संपत्तियां सुरक्षित
घटना की जानकारी मिलने के बाद बैंक प्रबंधन ने आंतरिक जांच शुरू की। यह जांच 16 से 25 नवंबर तक चली। इसमें बैंक की नकदी, स्वर्ण आभूषण और अन्य सभी संपत्तियां सुरक्षित पाई गईं। अज्ञात व्यक्ति ताले काटकर बैंक में दाखिल तो हो गया, लेकिन कोई सामान चोरी नहीं कर सका।-
