बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
जींद

Jind News:मास्टर भीम सिंह स्मृति दौड़ में रवि और मुस्कान ने मारी बाजी – Ravi And Muskan Emerge Victorious In The Master Bhim

November 18, 2026


जींद। गांव पिंडारा स्थित रॉयल स्पोर्ट्स अकादमी में स्वर्गीय मास्टर भीम सिंह बांगड़ की स्मृति में 1600 मीटर महिला एवं पुरुष दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के छठे संस्करण में प्रदेशभर से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में रवि रोहतक ने पहला स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ हवन यज्ञ के साथ हुआ। इसके बाद स्वर्गीय मास्टर भीम सिंह की धर्मपत्नी वेद कौर ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ शुरू करवाई। रॉयल स्पोर्ट्स अकादमी के संचालक एवं उनके सुपुत्र जितेंद्र (सीटू) बांगड़ ने बताया कि परिवार की ओर से हर वर्ष उनकी स्मृति में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है।

कार्यक्रम में युवा भाजपा नेता रुद्राक्ष मिड्ढा, पूर्व विधायक परमिंदर ढुल और जिला परिषद चेयरमैन कुलदीप रंधावा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।

पुरुष वर्ग में रवि रोहतक ने 21 हजार रुपये के नकद पुरस्कार के साथ प्रथम, सागर दिल्ली ने 11 हजार रुपये के साथ द्वितीय और सचिन जींद ने 7100 रुपये के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में मुस्कान सोनीपत 11 हजार रुपये के साथ प्रथम, राशि रोहतक 7100 रुपये के साथ द्वितीय और महक जींद 5100 रुपये के साथ तृतीय स्थान पर रहीं।

इस मौके पर सतवीर बांगड़, सतपाल बांगड़, जोगेंद्र बांगड़, सुरेंद्र बांगड़, राजकुमार मिटान, जिला खेल अधिकारी रामपाल हुड्डा, नरेश देशवाल, कुलदीप अहलावत, सुरजीत भूरा, जसवंत कोच सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X