Kangra News:एक साथ सात युवाओं ने रक्तदान कर बचाई जान – Seven Young People Donated Blood Together And Saved A Life
धर्मशाला। क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में मरीजों के उपचार के लिए अचानक रक्त की भारी आवश्यकता पड़ने पर टीम धर्मशाला सेवियर्स के सात स्वयंसेवक मदद के लिए आगे आए। इन युवाओं ने बिना देरी के अस्पताल पहुंचकर बुधवार को रक्तदान किया और जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
टीम धर्मशाला सेवियर्स के सात सदस्यों ने विभिन्न ब्लड ग्रुप का रक्तदान किया। इनमें बी पॉजिटिव ब्लड ग्रुप से हरभजन सिंह और योगेश गुप्ता, ओ पॉजिटिव से परीक्षित रतन और वासु शर्मा और ए पॉजिटिव से विवेक शर्मा व सिद्धार्थ सोनी शामिल थे। वहीं, एबी पॉजिटिव ब्लड ग्रुप से परकंद शर्मा ने रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता की।
टीम धर्मशाला सेवियर्स ने सभी सात रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। टीम ने इस बात पर जोर दिया कि जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध करवाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे समय में स्वयंसेवकों का आगे आना मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की एक उत्कृष्ट मिसाल है।
रक्तदाताओं के इस प्रयास से जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली है। क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला की एमएस डॉ. अनुराधा शर्मा ने बताया कि जब भी अस्पताल में किसी मरीज को खून की जरूरत पड़ती है तो धर्मशाला सेवियर्स संस्था के सदस्य और स्वयंसेवक हमेशा मदद के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने अन्य लोगों से भी रक्तदान करने की अपील की ताकि किसी की जान बचाई जा सके।
