Una News:भबौर साहिब परियोजना के विस्तार के लिए वन विभाग की एनओसी शेष – Noc From The Forest Department Is Still Pending For The Expansion Of The Bhabour Sahib Project
ऊना। करीब 45 साल पुरानी भबौर साहिब उठाऊ सिंचाई परियोजना के विस्तार, जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण (ईआरएम) की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। 121 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए फिलहाल वन विभाग के अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की औपचारिकता शेष है।
जल शक्ति विभाग का दावा है कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं और अगले तीन दिनों के भीतर वन विभाग से एनओसी मिलने की उम्मीद है।
इसके बाद परियोजना की इन्वेस्टमेंट क्लीयरेंस के लिए सेंट्रल वाटर कमीशन (सीडब्ल्यूसी), शिमला कार्यालय के माध्यम से केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेज दिया जाएगा।
बता दें कि परियोजना को जून महीने में ही तकनीकी मंजूरी मिल चुकी है। अब निवेश संबंधी स्वीकृति मिलने का इंतजार है।
इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र की 21 से 22 पंचायतों की 2266.77 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। भबौर साहिब उठाऊ सिंचाई परियोजना वर्ष 1978 में स्वीकृत हुई थी और इसका निर्माण 1980 के दशक में किया गया था। दशकों पुरानी होने के कारण परियोजना का ढांचा अब जर्जर हो चुका है।
