रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कानपुर

Kanpur News:तीन साल बाद भी बढ़ रहा क्रोमियम का खतरा – The Threat Of Chromium Continues To Grow, Even After Three Years

November 27, 2026


कानपुर देहात। रनियां के खानचंदपुर में क्रोमियम कचरे की उठान को तीन साल बीत गए। इसके बावजूद आसपास के गांवों के लोगों को इसके प्रभाव से राहत नहीं मिल सकी है। वर्ष 2023 में डंप कचरा हटाए जाने से उम्मीद थी कि क्षेत्र में प्रदूषण का खतरा कम होगा, लेकिन अब तक क्रोमियम के प्रभाव को खत्म करने की ठोस पहल नहीं हो सकी है। स्वास्थ्य विभाग की हालिया जांच में 90 लोगों में से 88 के खून में मानक से अधिक क्रोमियम और मरकरी मिलने से चिंता और बढ़ गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि लोगों की सेहत की जांच तो हो रही है लेकिन दूषित मिट्टी और भूजल को सुरक्षित बनाने के नाम पर अब तक जांच ही चल रही है। बता दें कि खानचंदपुर-मटियामऊ मार्ग पर करीब 95 हजार मीट्रिक टन क्रोमियम कचरा 20 साल से अधिक समय तक खुले में पड़ा रहा। इससे यहां का भूजल दूषित हो गया।

एनजीटी की सख्ती के बाद दो कंपनियों को कचरे के निस्तारण की जिम्मेदारी दी गई थी। वर्ष 2023 व 2024 में कचरे की उठान करा दी गई, लेकिन ग्रामीणों के मुताबिक इसका असर 11 स्थानों के भूजल में अब भी बना हुआ है। लोग पानी के रंग के आधार पर उसके दूषित होने का अंदाजा लगाकर इस्तेमाल कर रहे हैं।

खेतों की सिंचाई और मवेशियों के लिए भी यही पानी

ग्रामीणों का कहना है कि दूषित भूजल का इस्तेमाल सिर्फ घरेलू इस्तेमाल तक सीमित नहीं है। इसी पानी से खेतों की सिंचाई हो रही है और मवेशी भी इसे पी रहे हैं। ऐसे में फसलों और पशुओं के माध्यम से भी जहरीले तत्वों के लोगों के शरीर तक पहुंचने की आशंका है। लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें नियमित जांच कर रही हैं लेकिन जब तक पानी और मिट्टी में मौजूद क्रोमियम का प्रभाव कम नहीं होगा, तब तक खतरा बना रहेगा।

दिल्ली आईआईटी के बाद अब कानपुर आईआईटी की जांच

ग्रामीणों ने बताया कि क्रोमियम के प्रभाव को खत्म करने के उपाय तलाशने के लिए पहले दिल्ली आईआईटी की रामानुजन फैकल्टी ने शोध किया। अब आईआईटी कानपुर की टीम ने भी जांच शुरू की है। टीम क्षेत्र से मिट्टी और पानी के नमूने लेकर जांच के लिए भेज चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि तीन साल बीतने के बाद भी निस्तारण के नाम पर जांच का सिलसिला जारी है। लोगों ने प्रभावित मिट्टी और भूजल को सुरक्षित बनाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना लागू करने की मांग की है।

पहले 1028 लोगों की जांच में 947 में मिला था क्रोमियम

स्वास्थ्य विभाग की ओर से पिछले साल अक्तूबर से मार्च के बीच 1028 लोगों की जांच कराई गई थी। इसमें 947 लोगों में मानक से अधिक क्रोमियम और 45 में मरकरी मिली थी। अब पहले भेजे गए नमूनों में से 90 लोगों की रिपोर्ट मिली है। इनमें 88 के खून में मानक से अधिक क्रोमियम और तीन में मरकरी है। नोडल अधिकारी डॉ. आशीष वाजपेयी ने बताया कि किसी भी व्यक्ति में क्रोमियम और मर्करी के प्रभाव से जुड़े लक्षण नहीं मिले हैं। लोगों के स्वास्थ्य की निगरानी के साथ लगातार स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X