मैदागिन से सोनारपुरा के बीच रोजाना 2500 से अधिक वाहनों के दबाव और जाम से निजात दिलाने के लिए पूरे इलाके को नो व्हीकल जोन बनाने की तैयारी है। इस क्षेत्र में निजी कार, ऑटो, रिक्शा और ई-रिक्शा की आवाजाही बंद कर केवल ई-गोल्फ कार्ट चलाने की योजना है। इसके लिए नगर निगम ने टोयोटा के कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड से 40 गोल्फ कार्ट मांगे हैं। टोयोटा के अधिकारियों के साथ इस संबंध में बातचीत भी हो चुकी है।
प्रस्ताव को अमलीजामा पहनाने के लिए रूपरेखा तैयार की जा रही है। इससे श्री काशी विश्वनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ मैदागिन से सोनारपुरा के बीच रहने वाले व्यापारियों को भी लाभ होगा। व्यापारियों के पास बनाए जाएंगे। इस सुविधा के लिए यात्री को निश्चित शुल्क देना होगा। यह कदम भक्तों और यात्रियों की सुविधा और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से उठाया जा रहा है।
पिछले दिनों अक्षय तृतीया से राजनारायण पार्क (बेनियाबाग), मैदागिन समेत कई स्थानों पर 16 गोल्फ कार्ट की सुविधा शुरू की गई है। मैदागिन, राजनारायण पार्क और कबीर चौरा से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर गेट नंबर 4 तक गोल्फ कार्ट जा रही है। अभी 16 गोल्फ कार्ट चल रहे हैं।
इसे भी पढ़ें; यूपी: बिखर चुका है इंडी गठबंधन, अकेली रह जाएगी कांग्रेस; सुप्रिया सुले के बयान का आनंद दुबे ने किया समर्थन
गोल्फ कार्ट सेवा सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक है। गोल्फ कार्ट दो तरह के हैं। एक कार्ट में 9 लोगों की बैठने की क्षमता है, जबकि दूसरे में 13 लोगों के बैठने की क्षमता है। बेनियाबाग से मंदिर के गेट नंबर चार जाने वालों से 20 रुपये और गिरिजाघर से मंदिर जाने वालों से 10 रुपये लिए जा रहे हैं।