रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कानपुर

Kanpur News:18308 छात्रों का छात्रवृत्ति डाटा दबाए बैठे स्कूल-कॉलेज – Schools And Colleges Are Sitting On Scholarship Data For 18,308 Students

November 24, 2026


कानपुर। लगातार सख्ती और आवेदन की तारीख बढ़ाने के बावजूद स्कूल-कॉलेज संचालक 18308 विद्यार्थियों का छात्रवृत्ति डाटा शासन को नहीं भेज सके हैं। जिले में कुल 139798 विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति के लिए आवेदन किया था, जिनमें से 121491 का डाटा ही अग्रसारित हो सका है। कक्षा नौ और 10 के 994 विद्यार्थियों का डाटा स्कूल स्तर से अग्रसारित करने की अंतिम तिथि को भी देर शाम तक लंबित रहा। वहीं कक्षा 11-12 और उससे ऊपर (दशमोत्तर) के 17313 विद्यार्थियों का डाटा कॉलेज स्तर पर अटका हुआ है। 26 नवंबर तक डाटा अग्रसारित नहीं हुआ तो इन विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति फंस सकती है।

छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख समाप्त होने के बाद अब स्कूल-कॉलेज स्तर से प्राप्त आवेदनों का मास्टर डाटा निदेशालय भेजा जा रहा है। पिछड़ा वर्ग से जुड़े दशमोत्तर के 59922 विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति के लिए आवेदन किया था, जिनमें से 42288 का डाटा ही कॉलेज स्तर से अग्रसारित किया गया। करीब 8729 विद्यार्थियों का डाटा अब भी कॉलेज स्तर पर लंबित है। वहीं पूर्वदशम में 9890 आवेदन आए थे, जिनमें से 9400 विद्यार्थियों का डाटा 23 नवंबर की शाम तक भेजा जा सका। शेष 490 आवेदन लंबित रहे।

इसी तरह एससी और सामान्य वर्ग के पूर्वदशम के 69986 आवेदन मिले थे। इनमें से 60898 का डाटा अग्रसारित हुआ, जबकि 504 विद्यार्थियों का डाटा स्कूल स्तर पर अटका रहा। दशमोत्तर के 8584 विद्यार्थियों का डाटा भी लंबित है। इसे भेजने के लिए 26 नवंबर तक का समय है। स्कूल-कॉलेजों की लापरवाही का खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ सकता है।

पूर्वदशम के विद्यार्थियों का डाटा अग्रसारित करने की तारीख समाप्त हो चुकी है। स्कूल-कॉलेजों को लगातार निर्देश दिए गए हैं। जिन संस्थानों की लापरवाही सामने आएगी, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट भी किया जाएगा। – वीरपाल, जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X