Karnal News:प्रदेश में टॉप रहा करनाल, अब केंद्रीय टीम परखेगी स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत – Karnal Tops The State; A Central Team Will Now Assess The Reality Of Healthcare Services
करनाल। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कार्यक्रमों में हरियाणा में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले करनाल जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की अब केंद्रीय टीम पड़ताल करेगी। इसके लिए केंद्र से आई टीम शनिवार देर शाम करनाल पहुंच गई। टीम 28 नवंबर तक जिले में रहकर अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेगी। इस दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत चल रहे कार्यक्रमों की प्रगति, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति जांची जाएगी।
निरीक्षण में अस्पतालों की व्यवस्थाओं, स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े संसाधनों, उपकरणों की उपलब्धता और संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन को देखा जाएगा। इसके अलावा अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत कर कार्यक्रमों की वास्तविक स्थिति की जानकारी भी ली जाएगी। टीम अलग-अलग दिनों में अलग-अलग केंद्रों का निरीक्षण करेगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कार्यक्रमों में करनाल ने हरियाणा में बेहतर प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया था। इसी प्रदर्शन के आधार पर जिले को केंद्रीय स्तर पर निरीक्षण के लिए चुना गया है। स्वास्थ्य सेवाओं के मूल्यांकन के लिए होने वाले इस निरीक्षण में टीम कार्यक्रमों के संचालन और निर्धारित मानकों के अनुसार हो रहे कार्यों की पड़ताल करेगी।
कायाकल्प में भी जिला अस्पताल को मिला था पहला स्थान
जिला नागरिक अस्पताल करनाल को कायाकल्प कार्यक्रम में भी नंबर-1 का स्थान मिल चुका है। ऐसे में केंद्रीय टीम के निरीक्षण को स्वास्थ्य विभाग के लिए अपनी उपलब्धियों के साथ व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने रखने की अहम चुनौती माना जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निरीक्षण के दौरान संबंधित रिकॉर्ड, व्यवस्थाएं और कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध रखें।
तरावड़ी सीएचसी में सामने आई थीं कमियां
स्वास्थ्य विभाग की पंचकूला मुख्यालय की सार्थक टीम फरवरी में तरावड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर चुकी है। उस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में कुछ कमियां सामने आई थीं। इसके बाद टीम ने दोबारा निरीक्षण किया तो अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। पिछली कमियों को दूर करने के लिए लेबर रूम को अपडेट किया गया। गर्भवती महिलाओं से संपर्क बनाए रखने के लिए आशा वर्करों को सक्रिय किया गया। इसके अलावा अस्पताल में ईसीजी मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित की गई और लेबर रूम में लैंडलाइन फोन की व्यवस्था भी की गई। सीएचसी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कैलाश गर्ग ने भी पिछली निरीक्षण रिपोर्ट में बताई गई कमियों को दूर करने की बात कही थी।
सफाई से लेकर इलाज की गुणवत्ता पर नजर
स्वास्थ्य विभाग की टीम सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में केवल भवन और संसाधनों की स्थिति ही नहीं देखती, बल्कि मरीजों को मिलने वाली सेवाओं की भी पड़ताल करती है। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की सफाई, बिजली व्यवस्था, डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति, दवाइयों की उपलब्धता और चिकित्सकीय उपकरणों की कार्यशीलता जांची जाती है।
इसके साथ ही लेबर रूम, वार्ड, ऑपरेशन थिएटर और अन्य विभागों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाता है। नर्सिंग स्टाफ की कार्यप्रणाली और इलाज की गुणवत्ता भी जांच के दायरे में रहती है। जहां कमियां मिलती हैं, उनकी रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाती है, ताकि संबंधित स्वास्थ्य केंद्र में सुधार कराया जा सके।
