शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कठुआ

Kathua News:टीम ने 200 किलोग्राम रसगुल्ले नष्ट करवाए, एक फैक्टरी भी बंद कराई – Jammu And Kashmir News

November 8, 2026


कठुआ। दिवाली से ठीक पहले लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े गोरखधंधे का पर्दाफाश हुआ है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने जराई चौक क्षेत्र में एक अवैध मिठाई निर्माण इकाई पर छापा मारा। टीम ने अस्वच्छ और अमानक परिस्थितियों में तैयार की जा रही 200 किलोग्राम से अधिक मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी राज कुमार ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, क्षेत्र में बिना अनुमति और खाद्य सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाकर बड़े पैमाने पर रसगुल्ले, गुलाब जामुन और अन्य मिठाइयां बन रही थीं। उत्पादन के लिए आवश्यक लाइसेंस और स्वीकृतियां भी मौजूद नहीं थीं। विभागीय अधिकारियों ने पूरे स्टॉक को जब्त कर नष्ट कर दिया। इकाई को तत्काल बंद करवा दिया गया।

त्योहारों में बढ़ जाता है मिलावटी मिठाइयों का कारोबार

दिवाली के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ ही कई अस्थायी और बिना पंजीकरण वाली इकाइयां सक्रिय हो जाती हैं। पंजाब से सटा होने के चलते बाहरी कारीगरों के लिए सीजन में इस तरह की अवैध इकाइयां चलाना और फिर गायब हो जाना आसान हो जाता है। उस पर विभागों की जांच रिपोर्ट आने में महीने से भी अधिक का समय लग जाता है, तब तक त्योहार निपट चुके होते हैं। सस्ते कच्चे माल, मिलावटी सामग्री और खराब स्वच्छता के बीच तैयार की गई ऐसी मिठाइयां उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकती हैं। ऐसे में विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि वे केवल विश्वसनीय दुकानों से बिल सहित मिठाइयां खरीदें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X