Kaushambi News:टेलीग्राम से साइबर ठगी करने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार – Four Members Of A Gang Involved In Cyber Fraud Via Telegram Arrested
:: 16 साइबर शिकायतों में करीब 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा, छह मोबाइल और 15 हजार रुपये बरामद
टेलीग्राम एप के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से छह एंड्रॉयड मोबाइल, छह एटीएम कार्ड, एक बैंक पासबुक और 15 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्यों ने देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज 16 साइबर शिकायतों में करीब 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है।
सराय अकिल के बुद्धपुरी पश्चिम निवासी सचिन रस्तोगी के बैंक खाते से तीन अक्तूबर को 50 हजार रुपये की साइबर ठगी हुई थी। शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर साइबर क्राइम थाना और सराय अकिल पुलिस की संयुक्त टीम गठित की थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 31 अक्तूबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
लालच देकर लोगों से खुलवाते थे बैंक खाता
पुलिस को पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह के सदस्य भोले-भाले लोगों को पैसों का लालच देकर उनके बैंक खाते खुलवाते थे। खातों से जुड़े मोबाइल नंबर, एटीएम कार्ड और चेकबुक अपने पास रख लेते थे। इसके बाद ठगी की रकम एटीएम से निकालकर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचाते थे, ताकि असली अपराधियों की पहचान छिपी रहे।
सीतापुर के रहने वाले हैं चारों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में आदर्श मिश्र, पुनीत शुक्ला उर्फ अनुराग, सत्यम और निखिल सिंह शामिल हैं। चारों सीतापुर जिले के कमलापुर और लहरपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, पुनीत शुक्ला के खिलाफ सीतापुर में हत्या और गैंगस्टर एक्ट का एफआईआर भी दर्ज है। अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
अन्य राज्यों में भी फैला था नेटवर्क
एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के अनुसार, गिरोह के खिलाफ दिल्ली, तमिलनाडु, उत्तराखंड, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना, कर्नाटक, झारखंड और उत्तर प्रदेश से संबंधित कुल 16 शिकायतें मिली हैं। पुलिस ने दर्ज मुकदमे में धोखाधड़ी, आपराधिक संपत्ति और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है।
साइबर ठगी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, छह एटीएम कार्ड, एक बैंक पासबुक और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में इनके तार कई राज्यों में दर्ज साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों से जुड़े मिले हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। साथ ही पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कराई जा रही है।
