शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कौशांबी

Kaushambi News:पटाखों का धुआं, दमा और दिल के मरीजों के लिए खतरा – Smoke From Firecrackers Poses A Risk To Asthma And Heart Patients

November 9, 2026


दिवाली पर आतिशबाजी को लेकर बच्चों से लेकर बड़ों तक में भारी उत्साह है। बाजारों में पटाखों की दुकानें सजने के साथ ही खरीदारी भी शुरू हो गई है। हालांकि, आतिशबाजी का आनंद लेते समय जरा सी लापरवाही सेहत पर भारी पड़ सकती है।

पटाखों से निकलने वाला धुआं दमा और हृदय रोगियों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। अस्पतालों की इमरजेंसी को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में बेड आरक्षित रखे गए हैं।

सीएचसी करारी के अधीक्षक डॉ. बद्री विशाल अग्रवाल ने बताया कि पटाखों का धुआं 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों और 8 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के स्वास्थ्य को भी प्रभावित कर सकता है। इससे फेफड़ों की नलियां सिकुड़ने पर अस्थमा के मरीजों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। इसके अलावा खांसी, घबराहट, आंखों में जलन, एलर्जी, गले में संक्रमण और निमोनिया का खतरा भी बढ़ जाता है।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के फिजिशियन डॉ. सुएब अंसारी ने हृदय रोगियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि तेज आवाज वाले पटाखों से हृदय गति और रक्तचाप अचानक बढ़ सकता है। इससे दिल के मरीजों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

चश्मा पहनकर करें आतिशबाजी, आंखों को बचाएं

नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. जमीर हैदर के मुताबिक पटाखों से निकलने वाले बारूद के कण आंखों की पुतली, कार्निया और रेटिना को नुकसान पहुंचा सकते हैं। लापरवाही से आंखों की रोशनी तक प्रभावित हो सकती है।

————

आतिशबाजी करते समय इन बातों का रखें ध्यान

आतिशबाजी के दौरान चश्मा जरूर पहनें

सूती और ढीले कपड़े पहनें।

नजदीक में पानी की व्यवस्था रखें।

धुएं से दूर रहें और आंखों में जलन होने पर ठंडे पानी के छींटे डालें

किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल डॉक्टर से परामर्श लें

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X