शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कौशांबी

Kaushambi News:सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा में एक पद पर 56 दावेदार – 56 Candidates For Each Post In The Assistant Teacher Recruitment Examination

November 12, 2026


बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्राइमरी विद्यालयों में सहायक अध्यापक के 12,405 हजार पदों पर भर्ती के लिए आवेदन के अंतिम दिन बुधवार तक तकरीबन सात लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। इससे सहायक अध्यापक के एक पद पर 56 दावेदार हैं।

वहीं, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि तीन बार बढ़ाई गई थी। बेसिक शिक्षा विभाग की पिछली भर्तियों के आंकड़ों को देखें तो इसके पहले वर्ष 2017 में 68,500 और 2018 में 69,000 भर्ती आई थी। 68,500 शिक्षक भर्ती में 1,25,746 आवेदन आए थे, जिसमें 1,07,873 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया था।

69,000 शिक्षक भर्ती के लिए 4,46,823 आवेदन किए गए थे। परीक्षा में 4,10,823 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। अभी बड़ी संख्या में डीएलएड व टीईटी पास अभ्यर्थी सहायक अध्यापक बनने के लिए तैयारी कर रहे हैं।

———————–

आठ वर्ष बाद भर्ती आने से बढ़ गए दावेदार

बेसिक शिक्षा विभाग में वर्ष 2018 के बाद अब वर्ष 2026 में भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ने के पीछे सबसे बड़ा कारण यह भी है आठ वर्ष बाद सहायक अध्यापक पद के लिए भर्ती निकाली गई। अभी बेसिक शिक्षा विभाग के शहरी परिषदीय विद्यालयों के लिए 11,508 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, सहायक अध्यापक संबद्ध प्राइमरी (अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय) के लिए 897 रिक्त पदों पर भर्ती होनी है।

आवेदन की अंतिम तिथि 11 नवंबर थी। सात लाख से ज्यादा आवेदन आ गए हैं। बड़ी संख्या में आवेदन आने से प्रतिस्पर्धा भी बढ़ेगी। इस परीक्षा के लिए आयोग की ओर से तीन व चार दिसंबर को परीक्षा प्रस्तावित है। -संजय कुमार सिंह, उप सचिव, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X