शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कोटद्वार

Kotdwar News:खेतों में फसल की जगह उग रही खरपतवार – Weeds Growing In The Fields Instead Of Crops

November 11, 2026


तीन साल से बंद पड़ी है हाईड्रम योजना

दुगड्डा (कोटद्वार)। विकासखंड दुगड्डा की ग्राम पंचायत सिमलचौड़ के राजस्व ग्राम ऐता में सिंचाई सुविधा के अभाव में उपजाऊ कृषि भूमि बंजर होने के कगार पर है। खेतों की सिंचाई के लिए स्थापित हाईड्रम योजना पिछले तीन वर्षों से ठप पड़ी है। योजना का रखरखाव नहीं होने से काश्तकारों के खेत सूखे पड़े हैं और खरीफ व रबी की फसलों के स्थान पर खरपतवार उग रही है।

ग्राम पंचायत सिमलचौड़ का ऐता गांव खोह नदी के तट पर बसा है। पूर्व में गांव के निकटवर्ती क्षेत्र से पाइप के माध्यम से सिंचाई टैंक तक पानी पहुंचाया जाता था। बाद में कृषि भूमि को सिंचित करने के लिए वर्ष 1998 में आधुनिक तकनीक पर आधारित हाईड्रम योजना स्थापित की गई। इससे काश्तकारों को सिंचाई की सुविधा मिलने लगी थी।

पहाड़ों में अतिवृष्टि के दौरान खोह नदी का जलस्तर बढ़ने से योजना का ढांचा क्षतिग्रस्त होने लगा। शुरुआत में संबंधित विभाग की ओर से कुछ वर्षों तक योजना का रखरखाव किया गया, लेकिन बाद में नहरों के क्षतिग्रस्त होने और मशीनों में तकनीकी खामियां आने से योजना पूरी तरह ठप हो गई।

ग्रामीणों का कहना है कि सिंचाई सुविधा नहीं मिलने से खेती प्रभावित हो रही है। कई बार संबंधित विभाग से योजना को दुरुस्त कराने की मांग की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। तहसील दिवस में भी ग्रामीणों ने तीन वर्षों से निष्क्रिय पड़ी ऐता हाईड्रम योजना की शिकायत दर्ज कराई थी।

ऐता की पहली सिंचाई योजना का हेड नदी की गहराई बढ़ने से क्षतिग्रस्त हो गया है। नदी से मशीन तक पानी पहुंचाने वाली नहर भी टूट गई है। योजना के क्षतिग्रस्त हिस्से को दुरुस्त कराने के लिए विभाग की ओर से जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

– खेमपाल सिंह, अवर अभियंता, लघु सिंचाई विभाग कोटद्वार।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X