रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कोटद्वार

Kotdwar News:दिल्ली और देहरादून रूट पर बढ़ा यात्रियों का दबाव, बसों का पड़ा टोटा – Passenger Pressure Rises On The Delhi-dehradun Route; Buses In Short Supply

November 25, 2026


शादियों के सीजन में बसों में सीट के लिए बची मारामारी

दिल्ली के लिए संचालित हुईं 15 बसें

संवाद न्यूज एजेंसी

कोटद्वार। शादियों का सीजन शुरू होते ही मैदान और पहाड़ के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। कोटद्वार बस अड्डे पर पिछले चार दिनों से सुबह से ही यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। पहले से सीट बुक नहीं कराने वाले यात्रियों को बसों में जगह पाने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। बसों में सीटें नहीं मिलने का फायदा निजी वाहन चालक और डग्गामार वाहन उठा रहे हैं।

मंगलवार को भी बस अड्डे पर यात्रियों की भारी भीड़ रही। सबसे अधिक दबाव दिल्ली और देहरादून रूट पर देखने को मिला। यात्रियों की संख्या को देखते हुए परिवहन विभाग की ओर से अतिरिक्त बसों का संचालन किया जा रहा है। इसके बावजूद यात्रियों को राहत नहीं मिल पा रही है। जीएमओयू की बसें भी यात्रियों से पूरी तरह भरी रहीं। सीट नहीं मिलने के कारण कई यात्रियों को बसों के इंतजार में घंटों बिताने पड़े। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों और बच्चों के साथ सफर करने वाले लोगों को उठानी पड़ी। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों के संपर्क मार्गों पर जाने वाले यात्रियों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कोटद्वार डिपो के एआरएम अनुराग पुरोहित ने बताया कि पिछले चार दिनों से दिल्ली समेत अन्य रूटों पर यात्रियों का दबाव अधिक है। मंगलवार को दिल्ली रूट पर 15 बसों का संचालन किया गया।

.

मुख्य मार्गों पर दिनभर रेंगते रहे वाहन, कई बार लगा जाम

शादियों का सीजन शुरू होने के साथ ही शहर में यातायात का दबाव भी बढ़ गया है। मंगलवार को पौड़ी नेशनल हाईवे, देवी रोड, पटेल मार्ग और पेंसिल फैक्टरी-सिमलचौड़ मार्ग पर कई बार जाम की स्थिति बनी रही। वाहनों के रेंग-रेंगकर चलने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस को दिनभर मशक्कत करनी पड़ी। पौड़ी नेशनल हाईवे पर लालबत्ती चौराहे से मालवीय उद्यान तक कई बार जाम लगने से वाहन चालकों और यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X