पडरौना। कार्तिक पूर्णिमा पर बांसी नदी में स्नान के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। 23 नवंबर की शाम चार बजे से 24 नवंबर को मेला समाप्त होने तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान बड़े और व्यावसायिक वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
यातायात निरीक्षक अश्वनी कुमार राय ने बताया कि पडरौना की बड़ी नहर (गंडक नहर) से बिहार जाने वाले बड़े और व्यावसायिक वाहन खिरकिया रेगुलेटर के रास्ते मधुबनी, बिहार जाएंगे। इन वाहनों का खिरकिया में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, बिहार से पडरौना आने वाले वाहन गोड़रिया, सेमरा चौराहा, सिंधुआ स्थान और खिरिया टोला होते हुए बड़ी नहर और छावनी के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। बांसी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को सोहरौना प्राथमिक विद्यालय (बांसी रोड) तक ही जाने की अनुमति होगी। वहां निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े करने होंगे। बिंदवलिया बगीचा की ओर से आने वाले वाहनों को खिरकिया में प्रवेश नहीं मिलेगा। ऐसे वाहन पड़री के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे।