शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कुशीनगर

Kushinagar News:फाजिलनगर में पुल निर्माण कार्य धीमा होने से तीन घंटे तक जाम रहा हाईवे – Highway Remained Jammed For Three Hours Due To Slow Progress Of Bridge Construction Work In Fazilnagar

November 1, 2026


फाजिलनगर। शनिवार को फाजिलनगर कस्बे से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। यह जाम दिन में 12 बजे से तीन बजे तक फाजिलनगर से अमवा चौधरी गांव के पास तक फैला था। पुल निर्माण की धीमी गति और ट्रैफिक पुलिस के अभाव से यह समस्या दिनों-दिन गंभीर होती जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण एजेंसी बहुत धीमी गति से कार्य कर रही है। सड़क के दोनों ओर मिट्टी और गिट्टी पड़ी होने से मार्ग संकरा हो गया है। दो बड़े वाहनों के आमने-सामने आने पर तुरंत जाम लग जाता है। स्कूली बच्चों, मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस और रोजमर्रा के यात्रियों को भारी दिक्कतें होती हैं। लगातार जाम से कस्बे के व्यापार पर बुरा असर पड़ रहा है। बाहर से आने वाले ग्राहक जाम के डर से फाजिलनगर आने से कतरा रहे हैं। यह हालात करीब छह माह से बने हुए हैं।

कस्बे के राकेश सिंह, मनीष कुमार, संदीप वर्मा, आजाद सिंह और अंकित ने अपनी परेशानी बताई। उन्होंने कहा कि जाम के चलते उनकी दुकानदारी प्रभावित हो रही है। आवागमन भी बहुत मुश्किल हो गया है। जाम में कई बार एंबुलेंस भी बीमार लोगों को लेकर फंस जाती हैं। ग्रामीणों और व्यापार मंडल ने जिला प्रशासन से पुल निर्माण में तेजी लाने की मांग की है।

उन्होंने जाम से निजात पाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की भी अपील की है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X