रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कुशीनगर

Kushinagar News:रामकोला में एक ही रात दो घरों में चोरी – Two Houses Were Burgled In Ramkola On The Same Night

November 24, 2026


पिपरा बाजार। रामकोला थाना क्षेत्र के जई छपरा गांव में रविवार की रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषण और कीमती सामान पार कर दिए। एक घर से करीब तीन लाख रुपये के गहने चोरी हुए हैं। सोमवार सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में हलचल मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। शाम को सीओ खड्डा अजय श्रीवास्तव ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से जानकारी ली और शीघ्र खुलासे का भरोसा दिया।

गांव निवासी फुद्दुन उर्फ सिद्धू शर्मा दो दिन पहले परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए थे। सोमवार सुबह उन्हें पड़ोसी शारदा गिरी के घर चोरी होने की जानकारी मिली। गांव पहुंचकर अपना घर देखा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। बक्से खुले हुए थे और उनमें रखे सोने के हार, झुमके, चेन, अंगूठी व नथ समेत करीब तीन लाख रुपये के आभूषण गायब थे। चोर कीमती कपड़े भी उठा ले गए थे। बताया जाता है कि बदमाश मकान की सीढ़ी पर लगी एस्बेस्टस की शीट हटाकर अंदर दाखिल हुए थे।

इसके बाद चोरों ने पड़ोस के शारदा गिरी के घर को भी निशाना बनाया। वह रात में मंदिर के पास सोए थे, जबकि उनकी पत्नी रिश्तेदारी में गई थीं। घर में उनका मूक-बधिर बेटा दुर्गेश सो रहा था। सुबह घर पहुंचने पर शारदा गिरी को बक्से का ताला टूटा मिला। सोमवार शाम सीओ अजय कुमार श्रीवास्तव ने दोनों पीड़ित परिवारों से अलग-अलग बातचीत कर घटना की जानकारी जुटाई। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X