पलियाकलां। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में मनाया गया। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया में आयोजित समागम में रागी जत्थों ने गुरबाणी कीर्तन से संगत को निहाल किया।
सुबह नौ बजे श्री अखंड पाठ साहिब जी के भोग के बाद खुले पंडाल में कीर्तन दरबार सजा। विशेष रूप से आमंत्रित रागी जत्था भाई इंद्रजीत सिंह फक्कर (पटियाला वाले) ने मधुर कीर्तन प्रस्तुत किया। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के हजूरी रागी जत्था भाई परमजीत सिंह एवं साथियों और रागी जत्था भाई मनमोहन सिंह नामधारी ने भी गुरबाणी का गायन किया।
गुरुद्वारा साहिब के कथावाचक ज्ञानी वरिंदरपाल सिंह और भाई सुखदेव सिंह ने गुरु साहिब के जीवन और उपदेशों पर प्रकाश डाला। श्री गुरु नानक देव कॉलेज, गोल्डन फ्लावर सीनियर सेकेंडरी स्कूल और दून इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने सुंदर कविताएं प्रस्तुत कीं।
कार्यक्रम में बाबा सुरजन सिंह, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार रेशम सिंह, उपाध्यक्ष सरदार हरपाल सिंह, स्टेज सेक्रेटरी सरदार दलवीर सिंह, धर्मप्रचार सेक्रेटरी गगनदीप सिंह सहोता और कोषाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मौजूद रहे।

पलिया गुरुद्वारे में प्रकाश पर्व पर महिला श्रद्धालु। संवाद