Lakhimpur Kheri News:सर्दी बढ़ते ही जोड़ों ने पकड़ी अकड़न, दर्द से बेहाल बुजुर्ग – As The Cold Increases, Joints Become Stiff, And Elderly People Suffer From Pain
लखीमपुर खीरी। ठंड बढ़ने के साथ बुजुर्गों और गठिया के मरीजों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। घुटनों और कमर में दर्द के साथ जोड़ों में अकड़न की शिकायत हो रही है। उठने-बैठने और चलने-फिरने में परेशानी के चलते ऐसे मरीज जिला अस्पताल की ओपीडी में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल के अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि पहले से घुटनों और कमर के दर्द से परेशान बुजुर्गों को सर्दी में विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठने से जोड़ों की अकड़न बढ़ सकती है। ऑस्टियोआर्थराइटिस के मरीजों को दिनचर्या, खानपान और शारीरिक गतिविधियों का ध्यान रखना चाहिए।
चिकित्सकों के अनुसार, जोड़ों को गर्म रखने के साथ नियमित हल्का व्यायाम करना चाहिए। शरीर सक्रिय रखने से अकड़न कम करने में मदद मिल सकती है। सुबह टहलने के लिए धूप निकलने के बाद का समय बेहतर है। दर्द के साथ सूजन या चलने-फिरने में अधिक परेशानी होने पर हड्डी रोग विशेषज्ञ से जांच करानी चाहिए। बिना चिकित्सकीय सलाह दर्द निवारक दवाओं का सेवन नुकसानदेह हो सकता है।
===========
इन बातों का रखें ध्यान
सुबह और शाम ठंड से बचने के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें।
जोड़ों में अकड़न होने पर हल्की गर्म सिकाई करें।
नियमित रूप से हल्का व्यायाम और टहलना जारी रखें।
लंबे समय तक एक ही जगह बैठने से बचें।
सुबह की सैर के लिए धूप निकलने का इंतजार करें।
दर्द लगातार रहने या सूजन होने पर चिकित्सक से सलाह लें।
