Lalitpur News:ओवरलोड टैक्सी से गिरकर बुजुर्ग की मौत, परिवार में मचा कोहराम – Elderly Man Dies After Falling From An Overloaded Taxi; Family Left Devastated
जखौरा (ललितपुर) गनगोरा गांव के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चलती टैक्सी से गिरकर 85 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया गया है कि टैक्सी में क्षमता से अधिक सवारियां बैठी हुईं थीं।
जानकारी के अनुसार, ललितपुर से जखौरा जा रही सवारी टैक्सी में सिरसी निवासी पंचम रैकवार (85) सवार थे। गनगोरा के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से वह चलती टैक्सी से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ओवरलोडिंग पर फिर उठे सवाल
हादसे के बाद ललितपुर-जखौरा मार्ग पर संचालित सवारी टैक्सियों में ओवरलोडिंग का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस मार्ग पर क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर वाहन संचालित किए जाते हैं। लोगों ने परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन से ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
