Lalitpur News:तेलंगाना एक्सप्रेस में लूट की कोशिश दस साल बाद दो आरोपियों को सजा – Attempted Robbery On Telangana Expresstwo Accused Sentenced After Ten Years
ललितपुर। तेलंगाना एक्सप्रेस में दंपती पर चाकू से हमला कर लूट का प्रयास करने के 10 साल पुराने मामले में अदालत ने दो अभियुक्तों को सात-सात वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुनील सिंह की अदालत ने दोनों पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर उन्हें एक माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
राजस्थान के धौलपुर निवासी शैलेंद्र कुमार शर्मा ने थाना जीआरपी में तहरीर देकर बताया था कि वह दो अगस्त 2016 को पत्नी राधा शर्मा के साथ आगरा से हैदराबाद जा रहे थे। वे ट्रेन संख्या 12724 अप तेलंगाना एक्सप्रेस के आरक्षित कोच एचए-1 के केबिन सी में सीट संख्या नौ और 10 पर बैठे थे। रात करीब 2:30 बजे ललितपुर स्टेशन निकलने के बाद उनके केबिन का दरवाजा खटखटाया गया। दरवाजा खोलते ही एक व्यक्ति ने शैलेंद्र पर चाकू से हमला कर दिया। इससे उनके दाहिने हाथ की उंगली में चोट लग गई। दूसरे व्यक्ति ने हथियार निकाल लिया। राधा ने दरवाजा बंद करने का प्रयास किया तो उनके हाथ की कलाई पर भी चाकू लग गया। हालांकि, हमलावर दंपती का कोई सामान नहीं लूट सके। वे मौके से भागने में भी सफल नहीं हुए।
घटना कोच परिचर ने देखी थी। बाद में डिब्बा नियंत्रक ने भी इसकी पुष्टि की। शैलेंद्र की तहरीर पर जीआरपी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। जांच के दौरान थाना जाखलौन क्षेत्र के ग्राम बम्हौरी निवासी रामदास सहरिया और दीपक धानुक के नाम सामने आए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जीआरपी ने उनके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था।
मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों अभियुक्तों को दोषी पाया। उन्हें सात-सात वर्ष के कठोर कारावास और एक-एक हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई। शासकीय अधिवक्ता कृष्ण बिहारी कुशवाहा ने बताया कि अदालत ने चलती ट्रेन में हथियारों के साथ दंपती से लूट के प्रयास को गंभीर अपराध माना।
