ललितपुर-पुलवारा। परिषदीय विद्यालयों की अर्द्धवार्षिक परीक्षा में प्रश्नपत्र तैयार करने और छपाई में लगातार लापरवाही सामने आ रही है। शनिवार को कक्षा छह के खेल, स्वास्थ्य एवं स्काउट विषय के पेपर में राष्ट्रीय ध्वज के रंगों से जुड़ा सवाल पूछा गया, लेकिन उसके चारों विकल्प गलत छाप दिए गए। विकल्पों में ऑक्सीजन, संवेदना, नाइट्रोजन और ऊर्जा लिखा था। इससे परीक्षार्थी असमंजस में पड़ गए। मामला अधिकारियों तक पहुंचने पर सवाल के जवाब में संशोधन कराया गया। इससे पहले कक्षा तीन के संस्कृत के पेपर में भी गणित के नौ सवाल छपने पर परीक्षा निरस्त करनी पड़ी थी।
शनिवार को द्वितीय पाली में कक्षा छह के खेल, स्वास्थ्य एवं स्काउट विषय की परीक्षा थी। प्रश्नपत्र में प्रश्न संख्या दो में राष्ट्रीय ध्वज में कितने रंग होते हैं, यह पूछा गया था। इसके जवाब में चार विकल्प दिए गए थे, लेकिन इनमें एक भी सही नहीं था। विकल्पों में ऑक्सीजन, संवेदना, नाइट्रोजन और ऊर्जा लिखा था। इससे बच्चों को सही उत्तर चुनने में परेशानी हुई।
इनसेट
पहले संस्कृत के पेपर में छपे थे गणित के सवाल
इससे पहले कक्षा तीन के संस्कृत विषय के प्रश्नपत्र में प्रश्न संख्या 11 से 20 तक गणित के नौ सवाल छपे थे। समाचार प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों ने गलती स्वीकार करते हुए बच्चों को समानांतर अंक देने की बात कही थी। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचने के बाद बीएसए ने पेपर निरस्त कर दोबारा परीक्षा कराने के आदेश दिए थे।
0000000000000
कक्षा छह के खेल, स्वास्थ्य एवं स्काउट विषय के पेपर में एक सवाल का चारों विकल्प गलत होने की जानकारी पर उसे सही करवाया गया था। पेपर प्रिंटिंग में गलती सामने आई है, इस संबंध में संबंधित एबीएसए को दिशानिर्देश दिए गए हैं।-रत्नेश कुमार, बीएसए