Lalitpur News:ये कैसा सड़क सुरक्षा पखवाड़ा, यातायात नियमों को लेकर लोग हैं बेपरवाह – What Kind Of ‘road Safety Fortnight’ Is This? People Remain Indifferent Toward Traffic Rules
– हाईवे से लेकर मुख्य सड़क व नगर में हो रहा नियमों का उल्लंघन
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद में परिवहन विभाग सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मना रहा है। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर जिम्मेदारी की भावना को विकसित करना है। इसके अंतर्गत दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने व निर्धारित गति में और नशे में वाहन न चलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर लोग खुलेआम नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। हालत यह है कि हाईवे से लेकर मुख्य सड़क व नगर तक में लोग बेपरवाह होकर वाहन चला रहे हैं।
फोटो- 12
वाहनों पर एचएसआरपी नंबर प्लेट के साथ वाहन चलाना होता है। लेकिन, खुलेआम नियमों की अनदेखी कर हाईवे पर वाहन दौड़ रहे हैं। इनमें कई तो बिना नंबर प्लेट तक के चल रहे हैं। ऐसे में किसी प्रकार की आपराधिक घटना होने की स्थिति में जानकारी तक नहीं हो पाती है।
फोटो- 14
वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात न करने की सलाह दी जाती है। लेकिन, ऐसा ही नजारा बृहस्पतिवार को दोपहर में शहर के मोहल्ला घुसयाना में देखने को मिला। यहां पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते हुए चालक मोबाइल पर बात करते हुए चल रहे थे।
फोटो- 15
वाहनों पर निर्धारित लोगों के साथ सफर करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। पिसनारी तिराहा के पास एक दोपहिया वाहन पर एक साथ चार लोग सफर करते नजर आए। चालक हेलमेट तक नहीं पहने था।
फोटो- 16
विभाग की ओर से लोगों को सड़क की बांयी ओर चलने और नाबालिगों को वाहन न चलाने के लिए प्रेरित किया जाता है। लेकिन, नगर के कलक्ट्रेट मार्ग तक पर स्कूली बच्चे वाहन चलाते दिखे। यही नहीं वे निर्धारित दिशा के विपरीत चल रहे थे।
वाहन चालकों को नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
– विपिन चौधरी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी
