शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
महाराजगंज

Maharajganj News:नेपाल को 594 मेगावाट अतिरिक्त बिजली निर्यात की मंजूरी – It Will Be Able To Sell Electricity On The Indian Energy Exchange From November 18 Until June 14, 2027

November 20, 2026


सोनौली। भारत ने नेपाल को भारतीय ऊर्जा एक्सचेंज के माध्यम से 594 मेगावाट अतिरिक्त बिजली निर्यात करने की अनुमति दी है। केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) की मंजूरी के बाद नेपाल की कुल स्वीकृत बिजली निर्यात क्षमता बढ़कर 1198 मेगावाट हो गई है। इससे दोनों देशों के बीच बिजली व्यापार को विस्तार मिलेगा।

नेपाल विद्युत प्राधिकरण (एनईए) के कार्यकारी निदेशक दीर्घायु कुमार श्रेष्ठ के अनुसार, नई मंजूरी के तहत नेपाल 18 नवंबर 2026 से 14 जून 2027 तक भारतीय ऊर्जा एक्सचेंज के डे-अहेड और रियल-टाइम बाजार में बिजली बेच सकेगा। यह बिजली द्विपक्षीय मध्यम अवधि बिजली बिक्री समझौते (एमटीपीए) के तहत स्वीकृत जलविद्युत परियोजनाओं से उपलब्ध कराई जाएगी।

तीन ट्रांसमिशन लाइनों से पहुंचेगी बिजली

अतिरिक्त स्वीकृत क्षमता में 205 मेगावाट बिजली कटैया-कुशहा, रामनगर-सूरजपुर और रक्सौल-परवानीपुर की 132 केवी प्रसारण लाइनों से भारत भेजी जाएगी। वहीं, 389 मेगावाट बिजली धालकेबर-मुजफ्फरपुर 400 केवी प्रसारण लाइन के जरिये पहुंचेगी। इन लाइनों के माध्यम से नेपाल की जलविद्युत परियोजनाओं में उत्पादित बिजली भारतीय बाजार में उपलब्ध होगी।

नेपाल को बिजली बिक्री का अतिरिक्त विकल्प

नेपाल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी और भारत की एनटीपीसी विद्युत व्यापार निगम (एनवीवीएन) व पावर ट्रेडिंग कॉरपोरेशन (पीटीसी) के बीच हुए समझौतों के तहत नेपाल जून से अक्तूबर तक हरियाणा और बिहार को बिजली बेचता रहा है। इस वर्ष इस व्यवस्था के तहत निर्यात की अवधि 31 अक्तूबर को समाप्त हो गई थी। अब एक्सचेंज के जरिये नेपाल को बिजली बिक्री का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

सर्दियों में भारत से बिजली खरीदेगा नेपाल

एनईए के मुताबिक, नेपाल ने आगामी सर्दियों में घरेलू मांग पूरी करने के लिए भारत से 1004 मेगावाट बिजली आयात करने की अनुमति भी हासिल की है। सर्दियों में नदियों का जलस्तर घटने से जलविद्युत उत्पादन कम हो जाता है। ऐसे में घरेलू खपत और आपूर्ति के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए नेपाल को भारत से बिजली खरीदनी पड़ती है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X